मतदान दलों ने अंतिम प्रशिक्षण के बाद संभाला मोर्चा: निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शान्तिपूर्णः ढंग से चुनाव समपन्न करावे मतदान अधिकारी - जिला निर्वाचन अधिकारी
जैसलमेर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले में जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य के चुनाव शनिवार, 14 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तथा पंच एवं सरपंच के मतदान सोमवार, 16 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा। चुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ( कलक्टर) अनुपमा जोरवाल ने मतदान से जुडे रिटर्निग अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरक्षः पालना करते हुए मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शान्तिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने में अपनी अहम भूमिका अदा करे। उन्होंने मतदान अधिकारियों को अपना व्यवहार निष्पक्ष रखने के साथ ही किसी भी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार नही करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मतदान अधिकारियों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ मतदान कार्य को संपादित करना है। उन्होंने कहा कि मुझे आशा ही नही बल्कि पूर्ण विश्वास है कि मतदान अधिकारी चुनाव को जिम्मेदारी के साथ समपन्न करायेगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार को एस.बी.के महाविद्यालय जैसलमेर में जिला परिषद के 21 वार्ड सदस्यों, 10 पंचायत समितियों के 150 वार्ड सदस्यों के साथ ही पंच एवं सरपंच के चुनाव के लिए नियुक्त रिटर्निग अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों के अन्तिम प्रशिक्षण को सम्बोधित करते हुए यह निर्देश दिये । अन्तिम प्रशिक्षण में चुनाव पर्यवेक्षक वासुदेव मालावत, जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, उपजिला निर्वाचन अधिकारी(एडीएम) नरेन्द्र पाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यथार्थ शेखर, विशेषाधिकारी चुनाव रोहित वर्मा के साथ ही उपखण्ड अधिकारी, एरिया एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं मतदान अधिकारी उपस्थित थे। एक-एक प्रक्रिया महत्वपूर्ण, छोटी सी चूक भी न हो- जिला निर्वाचन अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने मतदान अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में हर प्रक्रिया महत्वपूर्ण है और प्रत्येक कार्मिक की भूमिका निर्वाचन की सफलता में अहम है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान दल किसी भी स्तर पर अतिआत्मविश्वास में न रहें और न ही किसी प्रकार का संशय रखें। सभी नियमों एवं प्रक्रियाओं का भलीभांति अध्ययन कर उन्हें आत्मसात करें। किसी भी स्थिति में कठिनाई अथवा शंका होने पर तत्काल संबंधित उच्चाधिकारी से मार्गदर्शन लेकर समाधान प्राप्त करें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान दिवस पर समय की पाबंदी, आपसी समन्वय, सतर्कता और नियमों की पालना पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों का आह्वान किया कि वे निर्वाचन को सफल बनाने में अपनी भूमिका को पूरी जिम्मेदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि मतदान अधिकारियों के सहयोग के लिए नियुक्त एरिया एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट भी सतत रूप से भ्रमण करते रहेगे। उन्होंने एरिया एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिये कि वे मतदान दिवस पर विशेष चौकसी बरते एवं मतदान केन्द्रों का भ्रमण करते हुए समय पर सूचनाओं को सम्प्रेषित करे। निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक वासुदेव मालावत ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना सभी की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की सफलता केवल मतदान सम्पन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक चरण को निर्धारित नियमों, समयसीमा और पारदर्शिता के साथ पूरा करना जरूरी है। उन्होंने बेहतर प्रशिक्षण एवं निर्वाचन संबंधी विस्तृत निर्देशिका तैयार करने के लिए जैसलमेर की निर्वाचन टीम की सराहना भी की। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध, भय मुक्त होकर कराये मतदान जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि चुनाव के लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये गए है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर सुरक्षा कर्मी तैनात है। वही संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रांे पर सुरक्षा कर्मी हथियारबंद रहेगे। इसके साथ ही पुलिस मोबाइल पार्टिया भी मतदान के दिवस सतत रूप से भ्रमण करती रहेगी एवं सुरक्षा पर पैनी नजर रखेगी। उन्होंनंें मतदान दलों से आहवान किया कि वे भय मुक्त होकर चुनाव को समपन्न कराये। मतदान प्रक्रिया का सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण अंतिम प्रशिक्षण में मतदान दलों को मतदान दिवस से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं का सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। मतदान प्रक्रिया, मतदान सामग्री के उपयोग, निर्धारित प्रोटोकॉल तथा निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान की गई। दक्ष प्रशिक्षक रामाराम, मिश्री सिंह ने रिटर्निग अधिकारियों के साथ ही मतदान अधिकारियों को मतदान के दिवस विशेष ध्यान रखने वाली बातों के बारे में विस्तार से जानकारी दी वही उन्होेंने वास्तविक मतदान से पूर्व करवाये जाने वाले मॉक पॉल प्रक्रिया एवं निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी ने किया। मतदान केन्द्रों की ओर रवाना हुए दल, आज रात केन्द्रों पर रहेंगे मुस्तैद अंतिम प्रशिक्षण एवं मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही उनसे संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट भी उन्हें आवंटित सेक्टर के लिए रवाना हो गए। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।