Dark Mode
पेरिस में ऐश्वर्या का जलवा, क्राउन पहन रैंप पर उतरीं

पेरिस में ऐश्वर्या का जलवा, क्राउन पहन रैंप पर उतरीं

मुंबई। ग्लोबल आइकन ऐश्वर्या राय बच्चन ने एक बार फिर इंटरनेशनल फैशन मंच पर अपनी खास छाप छोड़ी है। 28 सितंबर को पेरिस में आयोजित फैशन वीक के दौरान ऐश्वर्या ने दुनिया की कई चर्चित हस्तियों के साथ रैंप वॉक किया। एफिल टॉवर के सामने प्लेस जोफ्रे में हुए इस खास शो में उनका अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

इस इवेंट में केंडल जेनर, ईवा लोंगोरिया, सेलीन डियोन, सिमोन एशले, वियोला डेविस, जेन फोंडा, कारा डेलेविंगने और एंडी मैकडॉवेल जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी मौजूद रहीं। शो के दौरान ऐश्वर्या समेत कई सितारे मंच पर मस्ती करते नजर आए। रैंप पर ऐश्वर्या ने क्राउन पहनकर अपनी एंट्री से खास ध्यान खींचा।

ऐश्वर्या का आउटफिट भी उनके पूरे लुक का खास हिस्सा रहा। वह गहरे रंग की वेलवेट ड्रेस में नजर आईं, जिसके साथ बारीक डिजाइन और क्रिस्टल से सजा केप था। उनके नए बरगंडी-लाल बालों ने इस पूरे लुक में मॉडर्न टच जोड़ दिया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनके अंदाज की तारीफ करते हुए उन्हें ‘रॉयल्टी’ तक कहा।

इवेंट से सामने आए एक वीडियो में ऐश्वर्या राय और ईवा लोंगोरिया बैकस्टेज एक-दूसरे से गर्मजोशी से मिलती दिखाई दीं। दोनों की मुलाकात का यह पल भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

ऐश्वर्या का इंटरनेशनल फैशन और सिनेमा से जुड़ाव नया नहीं है। साल 2002 में उन्होंने कान्स फिल्म फेस्टिवल में पहली बार शिरकत की थी। वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘देवदास’ के प्रीमियर के लिए कान्स पहुंची थीं। उस दौरान ऐश्वर्या, संजय लीला भंसाली और शाहरुख खान के साथ पारंपरिक पीली साड़ी में घोड़ा-गाड़ी से पहुंची थीं, जिसकी तस्वीरें लंबे समय तक चर्चा में रही थीं।

इसके अगले साल ऐश्वर्या कान्स फिल्म फेस्टिवल में फीचर फिल्म जूरी की सदस्य के तौर पर शामिल हुईं। वह इस प्रतिष्ठित भूमिका में पहुंचने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनीं। इसके बाद से इंटरनेशनल फैशन और फिल्म मंचों पर ऐश्वर्या की मौजूदगी लगातार लोगों का ध्यान खींचती रही है।

हाल ही में ऐश्वर्या को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी देखा गया था, जहां से वह पेरिस के लिए रवाना हुई थीं। अब पेरिस फैशन वीक में उनके नए अंदाज और ग्लोबल सितारों के साथ रैंप वॉक की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!