राजस्थान हाईकोर्ट को फिर बम की धमकी, सघन तलाशी के बाद राहत
जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट को सोमवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। हाईकोर्ट प्रशासन को देर रात 12:19 बजे एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया कि अदालत परिसर में छह जिलेटिन बम लगाए गए हैं। साथ ही संदेश में लिखा गया कि आम लोगों को नुकसान पहुंचाना उद्देश्य नहीं है, लेकिन इमारत को निशाना बनाया जाएगा।
सुबह ईमेल की जानकारी मिलने के बाद तुरंत पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने अदालत परिसर की नई और पुरानी दोनों इमारतों की बारीकी से तलाशी ली। सुरक्षा जांच के दौरान मुख्य भवन के आसपास आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई।
करीब कई घंटे तक चले तलाशी अभियान में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। सुरक्षा एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद सुबह लगभग 9:30 बजे हाईकोर्ट परिसर को फिर से खोल दिया गया और अदालत की नियमित सुनवाई बिना किसी बाधा के शुरू हो गई।
यह पहली बार नहीं है जब राजस्थान हाईकोर्ट को इस तरह की धमकी मिली हो। पिछले साढ़े आठ महीनों में यह 13वां धमकी भरा ईमेल है। पहली बार 31 अक्टूबर 2025 को हाईकोर्ट प्रशासन को ऐसा ईमेल मिला था। इसके बाद दिसंबर 2025 में कई बार, फिर फरवरी 2026, मार्च और अप्रैल 2026 में भी इसी तरह की धमकियां भेजी गई थीं। अब ताजा धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां ईमेल भेजने वाले की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।