3.13 करोड़ के अवार्ड पारित
जैसलमेर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला एवं सेशन न्यायाधीश ओमी पुरोहित के निर्देशन में एडीआर सेंटर व पोकरण तालुका पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा आई.डी.बी.आई. बैंकों के प्रि-लिटिगेशन स्टेज पर लंबित प्रकरणों हेतु इस माह विशेष लोक अदालत आयोजित की गई। इस विशेष लोक अदालत में कुल 777 प्रकरण रखे गये जिसमें से 169 प्रकरणों का निस्तारण हुआ जिसमें 3.13 करोड़ राशि के अवार्ड पारित किये गये। विशेष लोक अदालत के लिये जिला एवं तालुका स्तर पर कुल 02 प्रो बोनों बैंचों का गठन किया गया जिनकी अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विजेन्द्र कुमार एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश पोकरण डॉ. महेन्द्र कुमार गोयल, ने की। बैंच में सदस्यों के रूप में जिला मुख्यालय पर पैनल अधिवक्ता मोहम्मद अली तथा पोकरण मुख्यालय पर गठित बैंच में सदस्य के रूप में पैनल अधिवक्ता नवीन पुरोहित उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में पक्षकारान ने उत्साह से भाग लेकर राजीनामा के माध्यम से प्रकरणों का निस्तारण करवाया। साथ ही उन्होने यह भी बताया कि प्रि-लिटिगेशन स्टेज पर बैंकर्स व विद्युत विभाग द्वारा बकायादारों को ब्याज में अधिकतम छूट व सरकार की योजना का लाभ देते हुए पक्षकारों को राहत प्रदान की गई । विशेष लोक अदालत को सफल बनाने में बैंकर्स, कर्मचारीगण व पक्षकारान सहित सभी का सराहनीय सहयोग रहा।