Dark Mode
मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार ने जयपुर मेट्रो का किया व्यापक निरीक्षण

मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार ने जयपुर मेट्रो का किया व्यापक निरीक्षण

जयपुर। मुख्य सचिव, राजस्थान सरकार श्री वी. श्रीनिवास ने आज जयपुर मेट्रो का विस्तृत निरीक्षण किया। यह दौरा जयपुर मेट्रो की प्रगति, तकनीकी उत्कृष्टता एवं सुरक्षा मानकों की समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव, नगरीय विकास विभाग डॉ. देबाशीष पृष्टी सहित जयपुर मेट्रो के पूर्णकालिक निदेशकगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने फेज-1डी (मानसरोवर से 200 फीट बाईपास, अजमेर रोड चौराहा) के अंतर्गत प्रगति पर चल रहे निर्माण कार्यों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण, संरचनात्मक मानकों, कार्यप्रणाली तथा अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग की सराहना की। निरीक्षण के दौरान निदेशक (कंपनी मामलात) एवं निदेशक (परियोजना) ने परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं तकनीकी विशेषताओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। मानसरोवर डिपो स्थित ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर एवं सिक्योरिटी कंट्रोल सेंटर के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मेट्रो परिचालन प्रणाली, रीयल-टाइम मॉनिटरिंग एवं सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली को समझा। मुख्य सचिव ने मानसरोवर से छोटी चौपड़ मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा कर कुशल, सुरक्षित एवं समयबद्ध परिचालन व्यवस्था का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। छोटी चौपड़ स्टेशन स्थित कला दीर्घा में प्रदर्शित मूर्तिकला, रागमाला चित्रावली, खुदाई के दौरान प्राप्त ऐतिहासिक कुंड, गौमुख तथा अन्य पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना की। उन्होंने स्टेशन नियंत्रक कक्ष, यात्री सुविधाओं, रखरखाव प्रणाली एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर यात्रियों को उच्च स्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। टनल निरीक्षण के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों के लिए निर्मित क्रॉस-पैसेज, उनकी संरचना एवं तकनीकी विशेषताओं की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस संपूर्ण निरीक्षण के दौरान निदेशक (कम्पनी मामलात) श्री महेश कुमार भुराडिया (परियोजना तथा परिचालन एवं प्रणाली) श्री ओम प्रकाश, निदेशक (वित्त) श्री सुनील ढाका, पुलिस उपायुक्त जयपुर मेट्रो श्री सुशील तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रेस से वार्ता में मुख्य सचिव ने जयपुर मेट्रो कार्मिको द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मेट्रो निर्माण गुलाबीनगरी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक तकनीक के समन्वय के साथ किया गया है। राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार के साथ सतत संवाद जारी है तथा मेट्रो फेज-2 की स्वीकृति शीघ्र प्राप्त होने की आशा है। उन्होंने कहा कि जयपुर मेट्रो सुरक्षित, सुगम एवं विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!