बारां: राजसखी कैंटीन का जिला कलक्टर ने किया शुभारंभ
बारां। मिनी सचिवालय परिसर में नवस्थापित राजसखी कैंटीन का उद्घाटन जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर द्वारा फीता काटकर एवं गणेश पूजन कर किया गया। जिला प्रशासन एवं राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) के सहयोग से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार संवर्धन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंटीन भवन जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया गया है। कैंटीन का संचालन आस्था राजीविका क्लस्टर लेवल फेडरेशन, बामला को सौंपा गया है। कैंटीन में चाय, नाश्ता, भोजन, छाछ, लस्सी सहित अन्य खाद्य सामग्री की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। उद्घाटन अवसर पर अपर जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड घनश्याम मीणा, आयुक्त नगर परिषद भुवनेश मीणा, निदेशक रुडसेट संस्थान देवेन्द्र मीणा, कृषि उपनिदेशक (विस्तार) धनराज मीणा, जिला परियोजना प्रबंधक राजीविका राजीव तोमर, क्षेत्रीय प्रबंधक राजस्थान महिला निधि केशव चौरसिया सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर तोमर ने कैंटीन परिसर, हॉल एवं रसोई का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया तथा इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मिनी सचिवालय परिसर के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से राजसखी कैंटीन की सेवाओं का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया।
आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का शुभारंभ
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना का भी जिले में शुभारंभ किया। योजना के अंतर्गत एकता राजीविका क्लस्टर लेवल फेडरेशन, फतेहपुर द्वारा संचालित वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक राजीव तोमर ने बताया कि योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत क्लस्टर लेवल फेडरेशनों को 8.50 लाख रुपए तक की सहायता यात्री या लोडिंग वाहन खरीद एवं संचालन के लिए उपलब्ध कराई जाती है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सेवाएं सुगम होंगी।