बाड़मेर : पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में सुरक्षित सड़क मार्ग अभियान का आयोजन
बाड़मेर। सार्वजनिक निर्माण विभाग, गुणवत्ता नियंत्रण प्रभाग बाड़मेर द्वारा सुरक्षित सड़क मार्ग अभियान के अंतर्गत राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, बाड़मेर में सड़क सुरक्षा पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता (गुणवत्ता नियंत्रण) अणदाराम एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी भुवनेश सोनी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं एवं विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा चक्र, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, पैदल यात्रियों को प्राथमिकता, सड़क संकेतों का महत्व तथा यातायात नियमों का पालन करने जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तेज गति, ओवरलोडिंग और गलत लेन में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं, अतः इनसे बचना आवश्यक है। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल नारा नहीं बल्कि जीवन जीने की शैली होनी चाहिए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने सभी से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि समाज में सुरक्षित यातायात संस्कृति का विकास हो सके। कार्यक्रम के अंत में राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बाड़मेर के प्राचार्य कमल पंवार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा विषय पर दी गई जानकारी विद्यार्थियों के जीवन में अमूल्य योगदान देगी। कार्यक्रम प्रभारी वासुदेव ने गुणवत्ता नियंत्रण प्रभाग बाड़मेर की टीम का आभार जताया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्र-छात्राएं जागरूक होकर समाज में सुरक्षित यातायात का संदेश फैला सकें।