Dark Mode
गुजरात में बिपरजॉय से तबाही, 2 की मौत

गुजरात में बिपरजॉय से तबाही, 2 की मौत

940 गांवों की बिजली गुल, कच्छ-सौराष्ट्र में दो दिन 80 KMPH स्पीड से हवाएं चल सकती हैं


गुजरात  . बिपरजॉय तूफान के जखौ तट से टकराने के बाद गुजरात में भारी नुकसान हुआ। इसका असर कच्छ-सौराष्ट्र समेत 8 जिलों में रहा। यह अपने पीछे भारी तबाही छोड़ गया है। जगह-जगह पेड़ और खंभे गिर गए। तूफान के कारण भावनगर में 2 लोगों की मौत हुई। 22 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अभी भी दो दिन तक 80 किलोमीटर प्रति घंटे से हवाएं चलने का अलर्ट है।

कच्छ में मांडवी, नलिया, नारायण सरोवर, जखौ पोर्ट, मुंद्रा और गांधीधाम समेत पूरे राज्य में तेज बारिश हो रही है। 90 से 125 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। 940 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई है। वहीं, बाढ़ और रास्ते बंद होने से 4600 ग्रामीण इलाकों का संपर्क टूट गया है।

गुरुवार शाम साढ़े छह बजे जखौ तट से टकराया था तूफान
बिपरजॉय तूफान गुरुवार शाम साढ़े छह बजे कच्छ के जखौ तट से टकराया था। लैंडफॉल आधी रात तक चला। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 115 से 125 किमी प्रति घंटे रही। इससे पहले कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, जामनगर, राजकोट, जूनागढ़, गांधीधाम और मोरबी समेत तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। अब तूफान उत्तर- दक्षिण राजस्थान की तरफ बढ़ रहा है।
आगे क्या... राजस्थान पहुंचा, 5 जिलों में रेड अलर्ट
बिपरजॉय तूफान गुजरात के बाद शुक्रवार को राजस्थान पहुंच गया है। बाड़मेर और जालोर में आज रेड अलर्ट है और यहां तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। जालोर में शुक्रवार सुबह तक 69MM बारिश दर्ज की गई है। इधर, जैसलमेर में भी आंधी-बारिश जारी है।

बाड़मेर और सिरोही में तेज हवाओं की वजह से पेड़ और पोल गिर गए हैं। तूफान के चलते शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर राजस्थान के 5 जिलों में बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट, जबकि 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 18 जून तक इसका असर रहेगा।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!