Dark Mode
पेपरलीक के खिलाफ राहुल का बड़ा अभियान, शुरुआत होगी कोटा से

पेपरलीक के खिलाफ राहुल का बड़ा अभियान, शुरुआत होगी कोटा से

Jaipur : नीट पेपरलीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में व्यापक अभियान चलाने का फैसला किया है। इस अभियान की शुरुआत राजस्थान के कोटा शहर से होगी, जहां 17 जून को राहुल गांधी छात्रों के साथ संवाद करेंगे।

कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस अभियान की घोषणा करते हुए कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। इसी क्रम में देश के विभिन्न शहरों में स्टूडेंट सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां परीक्षा प्रणाली और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

कोटा में होने वाले पहले सम्मेलन के बाद 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, शिक्षकों, छात्र संगठनों और पेपरलीक से प्रभावित अभ्यर्थियों को एक साझा मंच प्रदान करना है।

कांग्रेस का कहना है कि हाल के वर्षों में पेपरलीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। साथ ही परीक्षा की बढ़ती लागत और पारदर्शी भर्ती प्रणाली की कमी भी युवाओं के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरी है।

इन सम्मेलनों में उन छात्रों और अभ्यर्थियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा, जो परीक्षा रद्द होने, पेपर लीक या भर्ती प्रक्रिया में देरी जैसी समस्याओं से प्रभावित हुए हैं। पार्टी इन मुद्दों पर जवाबदेही तय करने और सुधारात्मक कदमों की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की रणनीति बना रही है।

कांग्रेस के अनुसार, इस अभियान में एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, प्रदेश कांग्रेस कमेटियां और जिला इकाइयां सक्रिय भूमिका निभाएंगी। छात्रों और शिक्षकों से सीधे संपर्क कर उन्हें इस आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि परीक्षा व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता की मांग को मजबूत किया जा सके।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!