Dark Mode
भाजपा का संकल्प पत्र जारी, जनता को कई सौगात देने का वादा

भाजपा का संकल्प पत्र जारी, जनता को कई सौगात देने का वादा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रांची में झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। इस अवसर पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, संजय सेठ और झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी शाह के साथ मौजूद थे। भाजपा के 'संकल्प पत्र' में झारखंड के गठन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 25 प्रमुख संकल्पों पर जोर दिया गया है।


झारखंड के लिए भाजपा की बड़ी घोषणाएं
झारखंड की जनता के लिए घोषणाएं करते हुए गृह मंत्री ने कहा, 'हम रोटी, बेटी और माटी तीनों का संरक्षण करेंगे। भाजपा झारखंड में घुसपैठियों से जमीन वापस लेने के लिए कानून लाएगी। भाजपा, झारखंड की माताओं-बहनों को 'गोगो दीदी योजना' के माध्यम से प्रतिमाह 11 तारीख को 2,100 रुपया देगी। दीपावली और रक्षाबंधन पर एक एक गैस सिलिंडर मुफ्त देंगे और गैस का सिलिंडर 500 रुपये की कीमत पर दिया जाएगा। हम झारखंड में समान नागरिक संहिता लागू करेंगे लेकिन जनजातीय समुदायों को इसके दायरे से बाहर रखेंगे।'


गृह मंत्री ने कहा, '5 वर्ष के भीतर झारखंड के युवाओं के लिए 5 लाख रोजगार के अवसरों का सृजन करेंगे। करीब 3 लाख सरकारी पद निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से भरे जाएंगे। हम झारखंड में हर स्नातक और स्नातकोत्तर युवा को प्रतिमाह 2,000 रुपये का देंगे। आदिवासी सम्मान और अस्मिता को बढ़ावा देने के लिए आदिवासी धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल का विकास करेंगे एवं अनुदान व सहायता देंगे। हम जमशेदपुर में भगवान बिरसा मुंडा का स्मारक बनाएंगे। झारखंड में ‘प्रश्न पत्र लीक’ होने की सीबीआई, एसआईटी जांच होगी, दोषियों को जेल भेजा जाएगा। झारखंड में उद्योगों, खदानों के कारण विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए आयोग का गठन किया जाएगा। झारखंड में सत्ता में आने पर भाजपा ‘सरना धर्म कोड’ के मुद्दे पर विचार-विमर्श करेगी और उचित निर्णय लेगी।'

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!