Dark Mode
Uttar Pradesh के इटावा में एक नर्सिंग छात्रा का शव बरामद, दो गिरफ्तार

Uttar Pradesh के इटावा में एक नर्सिंग छात्रा का शव बरामद, दो गिरफ्तार

सैफई मेडिकल कॉलेज की एक नर्सिंग छात्रा का शव मिलने के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार बताया कि बाद में जब मुख्‍य आरोपी को असलहा बरामद कराने के लिए पुलिसकर्मियों की एक टीम ले जा रही थी तब उसने भागने की कोशिश की और टीम पर गोलीबारी की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी है।
पुलिस ने बताया कि छात्रा का शव बृहस्पतिवार शाम इटावा-सैफई रोड के पास पाया गया था। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि 20 वर्षीय छात्रा की हत्या की गई और फिर उसके शव को बृहस्पतिवार शाम को घटनास्थल पर फेंक दिया गया। उसकी गर्दन पर चोट के निशान थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।’’

पुलिस के मुताबिक, महिला ‘नर्सिंग कोर्स’ के तृतीय वर्ष की छात्रा थी। बृहस्पतिवार को दोपहर में जब वह कक्षा में नहीं आई तो उसकी सहेली ने वार्डन को सूचित किया। एसएसपी ने कहा, हमने हत्या के सिलसिले में कुदरकोट औरैया के निवासी महेंद्र (30) और उसके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है।

महेंद्र छात्रा का पड़ोसी है। वह उसे कॉलेज से बाहर ले गया और बहस के बाद उसने उसकी हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी महेन्द्र ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया कि छात्रा का शव मिलने के स्थान से कुछ दूर पर उसने तमंचा को छिपा दिया है।

उन्‍होंने बताया कि तमंचा की बरामदगी के लिए महेन्द्र को पुलिस हिरासत में घटनास्थल पर ले जाया गया तो वह छुपाए गए स्थान से तमंचा निकाल कर भागने लगा और उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चलायी। एसएसपी ने बताया कि तभी पुलिस की जवाबी गोलीबारी में उसे पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो कर गिर पड़ा। उनके अनुसार पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!