कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे निकाय अध्यक्ष के चुनाव
बारां। नगर निकाय चुनाव के अंतर्गत सोमवार को जिले के सभी निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने बताया कि अध्यक्ष पद चुनाव के दौरान सिर्फ निर्वाचित सदस्यों को ही मतदान स्थल पर प्रवेश मिल सकेगा। साथ ही निकाय भवन के बाहर बेरिकेटिंग करते हुए अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। मतदान स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ कानून व्यवस्था के कड़े प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बारां नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी व एसडीएम रामावतार मीणा ने बताया कि सभापति पद के निर्वाचन के लिए मतदान प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। सभापति चुनाव में निर्वाचित पार्षदगण ही मतदान कर सकेंगे। सभी पार्षदों को मतदान समय से कम से कम 30 मिनट पूर्व उपस्थित होना है ताकि जिन पार्षदों ने अभी तक शपथ नहीं ली है, वे शपथ ग्रहण कर सकें। मतदाता सूची फोटोयुक्त रहेगी। मतदान परिसर एवं प्रथम बैठक का स्थल नगर परिषद सभागार रहेगा। अध्यक्ष पद के निर्वाचन की बैठक व मतदान कक्ष में केवल निर्वाचन कार्य से संबंधित अधिकृत अधिकारी, कर्मचारी, निर्वाचित सदस्य तथा प्रत्याशियों को प्रवेश दिया जाएगा। अन्य व्यक्ति, समर्थक अथवा अनधिकृत प्रतिनिधि मतदान व बैठक कक्ष में प्रवेश नहीं करेंगे। केवल निर्वाचित सदस्य ही मतदान करने के अधिकारी होंगे। इसके लिए सभी को वैध पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। परिसर में थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी तथा डीएफएमडी व एचएचएमडी से चेकिंग के पश्चात ही प्रवेश दिया जाएगा। निर्वाचित पार्षदगण अपने पास मोबाईल, बीडी, माचिस, स्मार्ट वॉच आदि नहीं ले जा सकेंगे तथा पारदर्शी पेन ही ले जा सकेंगे। सुरक्षा की दृष्टि से नगर परिषद से 200-200 मीटर दोनों तरफ बैरिकेडिंग रहेगी। चारमूर्ति से प्रताप चौक के बीच पार्किंग व्यवस्था मतदान तक बंद रहेगी। वाहन पार्किंग व्यवस्था रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप एवं श्री राम स्टेडियम में रहेगी। यही व्यवस्था मंगलवार को उप सभापति पद पर मतदान प्रक्रिया के लिए भी रहेगी।