Dark Mode
2.04 लाख लेकर फरार हुआ कलेक्शन एजेंट

2.04 लाख लेकर फरार हुआ कलेक्शन एजेंट

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ के टाउन थाना में एक फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन एजेंट के खिलाफ ऋण वसूली की राशि में गबन का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि एजेंट ने ग्राहकों से ली गई 2 लाख 4 हजार 50 रुपए की किश्तें कंपनी में जमा नहीं करवाईं और फरार हो गया। पुलिस ने अदालत के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह रिपोर्ट आरबीएल बैंक से संबद्ध कंपनी आरबीएल फिनसर्व लिमिटेड की हनुमानगढ़ टाउन शाखा के प्रबंधक इंद्र मोहन ने दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि कंपनी हनुमानगढ़ टाउन में समूह ऋण प्रदान करती है। कंपनी में ग्रुप लोन ऑफिसर के पद पर कार्यरत विकास कुमार निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) को ग्राहकों से मासिक किश्तें एकत्रित करने का जिम्मा सौंपा गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, विकास कुमार ने विभिन्न ग्राहकों से कुल 2 लाख 4 हजार 50 रुपए की राशि किश्तों के रूप में वसूल की थी। नियमानुसार, यह राशि निर्धारित समय में कंपनी के खाते में जमा करानी अनिवार्य थी।

शिकायत में बताया गया है कि विकास कुमार ने यह राशि कंपनी में जमा नहीं करवाई और उसे अपने निजी उपयोग में ले लिया। कंपनी ने आरोपी से संपर्क करने के कई प्रयास किए, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला और उसने कॉल का जवाब नहीं दिया। इसके बाद कंपनी को आशंका हुई कि आरोपी वसूली की रकम लेकर फरार हो गया है।

शाखा प्रबंधक ने बताया कि इस घटना से कंपनी को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ प्रतिष्ठा को भी क्षति पहुंची है। पहले पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय के माध्यम से मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने अदालत के आदेश पर आरोपी विकास कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई रामकेर को सौंपी गई है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!