केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन नौटंकी : अनिल जैन
बूंदी। केंद्र सरकार के खिलाफ किए गए कांग्रेस के प्रदर्शन को नौटंकी बताते हुए भाजपा जिला प्रवक्ता अनिल जैन ने प्रदर्शन पर निशाना साधा। भाजपा जिला प्रवक्ता अनिल जैन ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन सिर्फ नौटंकी है। कांग्रेस और इसके गठबंधन दलों ने उपराष्ट्रपति के सम्मानित पद पर बैठे हुए एक किसान कौम का अपमान किया है। प्रवक्ता अनिल जैन ने कहा कि जिस तरीके से एक किसान समुदाय का अपमान कांग्रेस के सांसदों ने किया वह सरासर गलत है। ऐसे सांसदों को निलंबित किया जाना ही चाहिए इसमें गलत क्या है?
तीन सीटें जीतने के बाद भी प्रदर्शन में 100 लोग भी नहीं
भाजपा जिला प्रवक्ता अनिल जैन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद जिले में कांग्रेस का पहला विरोध प्रदर्शन था। तीनों विधानसभा में कांग्रेस के विधायक होने के बाद भी 100 से ज्यादा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में नहीं थे। गौरतलब है कि संसद के दोनों सदनों से कांग्रेस और उससे समर्थित दलों के 142 सांसदों को निलंबित करने के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बूंदी में प्रदर्शन किया था ।