एमजी में विवाद, कंपाउंडर ने जड़ा ठप्पड़
भीलवाड़ा। ज़िले के सबसे बड़े महात्मा गांधी चिकित्सालय में विवाद ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रहे है। सोमवार को एक पेशेंट के अटेंडर को एक कंपाउंडर ने ना सिर्फ़ थप्पड़ जड़ दिये, बल्कि कंपाउंडर ने उसे कैंची घुसाने की कोशिश भी की। अटेंडर का कसूर इतना ही था कि वह, पर्ची पर लिखी दवा समझने के लिए कंपाउंडर के पास चला गया। उधर, पीडि़त ने आरोपित कंपाउंडर को अस्पताल से हटाने की मांग को लेकर पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ को शिकायत दी है।
एमजीएच चौकी प्रभारी अनवर हुसैन ने बताया कि करेड़ा थानासर्किल के जोरावरपुरा निवासी 40 वर्षीय भैंरूलाल पुत्र मोहनलाल लौहार ने पीएमओ को शिकायत दी। लौहार का आरोप है कि वह, अपने मित्र के पिता का उपचार करवाने के लिए जिला अस्पताल आया था। घायल को सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया। वार्ड में पर्ची पर दवा लिखी गई। भैंरूलाल इस दवा को समझने के लिए वार्ड में तैनात कंपाउंडर प्रमोद के पास गया। कंपाउंडर प्रमोद ने क्रोध में आकर बिना कारण ही भैंरूलाल को तीन-चार थप्पड़ मार दिये। इतना ही नहीं, पीडि़त भैंरूलाल के पेट में कैंची घुसाने की कोशिश भी की, जिसे लोगों ने पकड़ लिया। भैंरूलाल ने इस घटना को लेकर पीएमओ को शिकायत देते हुये कंपाउंडर को हटाने की मांग की है।