जहाजपुर में उपद्रव मामले की केकड़ी डिप्टी करेंगे जाँच
भीलवाड़ा। ज़िले के जहाजपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 148 डी स्थित धौड़ घाटी के पास रविवार रात डंपर की टक्कर से कार सवार तीन नौजवानों की मौत और दो जनों के घायल होने के मामले की जांच अजमेर जिले के केकड़ी डीएसपी खींवसिंह करेंगे। इस संबंध में उच्चाधिकारियों ने आदेश जारी किये हैं।
जहाजपुर पुलिस के अनुसार, बंधा का झोंपड़ा, सरसिया निवासी रमेश (26) पुत्र मथरा मीणा, धीरज पुत्र बरदीचंद सुवालका व समेल का भाटा निवासी नरेंद्र पुत्र प्रेमचंद मीणा के साथ ही नाथूण निवासी लेखराज (23) पुत्र शांतिलाल मीणा व अशोक पुत्र राजू मीणा रविवार रात कार से नाथूण से सरसिया जा रहे थे। यह कार, धौड़ घाटी के पास पहुंची थी कि जहाजपुर की ओर से आये बजरी भरे डंपर ने गलत दिशा में आकर कार को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी, जिससे की कार सवार रमेश मीणा, धीरज सुवालका व लेखराज मीणा की मौत हो गई, जबकि अशोक मीणा व नरेंद्र मीणा घायल हो गये, जिन्हें जहाजपुर में प्राथमिक उपचार के बाद एमजी अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ में शामिल लोगों ने कार को चपेट में लेने वाले डंपर के साथ ही पाँच अन्य वाहनों को आग के हवाले कर दिया और जहाजपुर थाने के वाहन के शीशे तोड़ दिये। पुलिस पर भी पत्थराव भी किया गया। इसके अलावा एक नई स्विफ्ट डिजायर व अल्टो को भी तोड़ दिया। इससे हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। हालात को देखते हुये जहाजपुर के साथ ही जिले के कई थानों व पुलिस लाइन से पुलिस जाब्ता वहां बुलवा लिया गया। जिससे क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया था । हादसे को लेकर मृतक लेखराज के काका फूलचंद पुत्र केसरा मीणा निवासी नाथुण ने पुलिस को रिपोर्ट दी। इस रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया। वहीं दुर्घटना के इस मामले की जांच उच्चाधिकारियों के आदेश से अजमेर के केकड़ी डीएसपी खींवसिंह करेंगे।