12 साल से फरार अपराधी को पंजाब से किया गिरफ्तार
बाड़मेर। बाड़मेर जिले की गुड़ामालानी थाना पुलिस की टीम ने शराब तस्करी के मामले में 12 साल से फरार उद्घोषित अपराधी इंद्रजीत सिंह पुत्र सुरमुख सिंह निवासी थाना सिंगभगवंतपुरम जिला रूपनगर पंजाब को उसके गांव से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया है। आरोपी का पता लगाने पुलिस ने करीब 10 दिन तक अनाज व्यापारी बनकर जाल छाया। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि 22 जनवरी 2012 को थाना गुड़ामालानी पुलिस ने रामजी का गोल मेगा हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से पंजाब निर्मित अवैध शराब के 351 कार्टन बरामद कर वाहन चालक व खलासी को मौके से गिरफ्तार किया था। प्रकरण में वाहन मालिक इंद्रजीत सिंह घटना के बाद फरार हो गया। जिसके विरुद्ध कोर्ट में चालान पेश कर उद्घोषित अपराधी घोषित करवाया गया। एसपी मीना ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के मध्यनजर अन्य राज्यों के वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस व सीओ सुखराम के सुपरविजन एवं एसएचओ मुक्ता पारीक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम के सदस्य मोहनलाल व छता राम को पंजाब रवाना किया गया। टीम द्वारा करीब 10 दिन तक अनाज का व्यापारी बनकर इंद्रजीतसिंह के निवास और आने-जाने के ठिकानों का पता लगाया। पुष्टि के बाद रविवार को आरोपी को उसके गांव से दस्तयाब कर थाने लाया गया। जहां पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल मोहनलाल व छताराम की विशेष भूमिका रही है।