जयपुर में महिला का शव गार्डन में दफन मिला, बदबू से खुला राज
जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज कॉलोनी में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान के गार्डन में मिट्टी के नीचे महिला का शव दबा मिला। मकान मालिक देखरेख के लिए घर पहुंचा था। मकान पर ताला लगा देखकर उसने आसपास पूछताछ की। इसके बाद गार्डन में मिट्टी खुदी हुई नजर आई और जांच करने पर जमीन में महिला का हाथ दिखाई दिया।
मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिंदायका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबे शव को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। शुरुआती जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
दो महीने पहले किराए पर लिया था मकान
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश (22) बिंदायका इलाके की एक फैक्ट्री में काम करता था। उसने करीब दो महीने पहले यह मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि वह यहां एक महिला के साथ रह रहा था और लोगों के सामने उसे अपनी पत्नी बताता था।
रविवार सुबह करीब 8 बजे मकान मालिक घर की देखरेख के लिए पहुंचा तो मकान पर ताला लगा मिला। आसपास पूछताछ के बाद जब उसने गार्डन की तरफ देखा तो मिट्टी उखड़ी हुई दिखाई दी। इसी दौरान जमीन में दबा महिला का हाथ नजर आया। गार्डन से आ रही बदबू ने भी शक को और मजबूत किया।
हत्या के बाद शव दफन करने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या के बाद उसके शव को गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबाए जाने की आशंका है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी मकान पर ताला लगाकर फरार हो गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि प्रवेश ने महिला की पहचान किरन (32), निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में कराई थी और उसे अपनी पत्नी बताया था। पुलिस के अनुसार, महिला करीब छह महीने की गर्भवती थी। मृतका के परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।