Dark Mode
ई-चालान का फर्जी लिंक पड़ा भारी, खाते से उड़ाए 4.73 लाख रुपये

ई-चालान का फर्जी लिंक पड़ा भारी, खाते से उड़ाए 4.73 लाख रुपये

जोधपुर। ऑनलाइन चालान के नाम पर साइबर ठग लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला जोधपुर के मंडोर इलाके से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को ई-चालान का फर्जी लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से 4 लाख 73 हजार रुपये निकाल लिए गए। ठगी की वारदात में शातिरों ने 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान चैनपुरा बावड़ी निवासी हर्षित माहेश्वरी के रूप में हुई है। उन्होंने मंडोर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 3 नवंबर को उनके मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने ई-चालान से संबंधित एक लिंक भेजा था। संदेश देखकर उन्होंने लिंक पर क्लिक कर दिया।

लिंक खोलते ही मोबाइल ने करना बंद किया काम

पीड़ित के मुताबिक, लिंक पर क्लिक करने के कुछ समय बाद ही उनका मोबाइल अचानक काम करना बंद हो गया। इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से रकम निकालनी शुरू कर दी।

कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि खाते से कुल 4.73 लाख रुपये गायब हो चुके हैं। ठगों ने एक साथ पूरी रकम निकालने के बजाय 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए इस वारदात को अंजाम दिया।

मोबाइल का एक्सेस लेकर की ठगी की आशंका

मंडोर थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आशंका है कि फर्जी लिंक के जरिए साइबर अपराधियों ने पीड़ित के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया था। इसके बाद बैंक खाते से रकम निकाल ली गई।

हालांकि, ठगी किस तकनीक से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।

साइबर पोर्टल पर शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस

पीड़ित ने घटना के बाद साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। अब मंडोर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन ठगी के बढ़ते खतरे को उजागर किया है। पुलिस और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह है कि अनजान नंबर से आए ई-चालान लिंक पर क्लिक करने से बचें। चालान की जानकारी हमेशा आधिकारिक सरकारी वेबसाइट से ही जांचें।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!