Dark Mode
प्रॉपर्टी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर किया हमला

प्रॉपर्टी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई पर किया हमला

जयपुर. जयपुर के बनीपार्क इलाके में पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार सुबह खूनी रूप ले लिया। सिंधी कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय श्याम बगानी की उनके छोटे भाई 58 वर्षीय मुरली बगानी ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात राम पार्क के सामने सुबह करीब 7 बजे हुई।

पुलिस के अनुसार, श्याम बगानी सुबह स्कूटी से मंदिर जाने के लिए घर से निकले थे। घर से करीब 300 मीटर दूर राम पार्क के सामने मुरली ने उन्हें रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी के बाद मुरली ने डंडे से श्याम के साथ मारपीट शुरू कर दी।

श्याम कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी ने चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें एसएमएस अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अमेरिका से 11 महीने पहले लौटा था आरोपी

घटना की सूचना मिलने के बाद बनीपार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी मुरली बगानी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

SHO सुरेश यादव के मुताबिक, शुरुआती जांच में दोनों भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए हत्या के कारणों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि प्रॉपर्टी में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी करीब 11 महीने पहले ही अमेरिका से भारत लौटा था।

तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे श्याम

श्याम बगानी तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। सबसे बड़े भाई प्रकाश बगानी का वर्ष 2014 में अमेरिका में निधन हो गया था। उनके बाद श्याम और सबसे छोटे भाई मुरली थे। श्याम फिलहाल अपने घर पर रहते थे। उनका बेटा चिराग बगानी ऑनलाइन काम करता है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!