रणथम्भौर उद्योग एवं हस्तशिल्प मेले, अमृता हाट में सांस्कृतिक कार्यक्रम आज
सवाई माधोपुर । जिला प्रशासन, महिला अधिकारिता, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र सवाई माधोपुर द्वारा संयुक्त रूप से रणथम्भौर उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला तथा अमृता हाट-2023 का आयोजन इन्दिरा मैदान में 20 फरवरी से 24 फरवरी, 2023 तक किया जा रहा है।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक सुग्रीव मीना ने बताया कि मेले को रोचक एवं मनोरंजक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिसके तहत 22 फरवरी को ब्रज होली, मयूर नृत्य, महारास, दीपक नृत्य, डांडिया रास आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं 23 फरवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम, घूमर, कालबेलिया, चकरी, चरी, भवई, मांड गायकी आदि राजस्थानी नृत्य का आयोजन होगा तथा 24 फरवरी को कवि सम्मेलन एक शाम बेटियों के नाम का आयोजन किया जाएगा। कवि सम्मेलन में बारां के देवेन्द्र वैष्णव, झालावाड़ के राजेश लोट-पोट, उज्जैन की तबस्सुम अश्क, रतलाम के गिरधर अद्भुत, कोटा के मुरलीधर गौर एवं गौरस प्रचन्द आदि शामिल होंगे।
महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक अमित गुप्ता ने बताया कि मेले में राज्य भर से महिला स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्यमियों, दस्तकारों, हस्तशिल्प, खादी संस्थाओं द्वारा अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विपणन किया जा रहा है। मेले में आर्टिफिशियल ज्वैलरी, लाख की चूड़ियां, जर्मन केमिकल, लकड़ी के खिलौने, ब्लैक टेराकोटा, मार्बल आईटम, कड़ाईदार ड्रेस, कोटा डोरिया, पूजन-पोशाक सामग्री, पर्दे, पर्स, बैग, पायदान, नमदे, बैडशीट, शॉल, जूतियां, लैदर एण्ड रेगजीन उत्पाद, बन्धेज, लहरिया, हर्बल एवं आयुर्वेदिक उत्पाद, आचार-मुरब्बा, पापड़-मंगोड़ी, मसाले, नमकीन, रेडिमेड गारमेन्टस, घरेलू उपयोग सामग्री एवं अन्य हैण्डीक्राफ्ट उत्पाद उचित दर पर खरीदे जा सकते हैं। खान-पान, मनोरंजन, चकरी-झूले एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं मेंले के अन्य प्रमुख आकर्षण है।