साइबर ठगी का मामला:महिला से 4.64 लाख ठगे, 2 शातिर अरेस्ट
जोधपुर. महिला के खाते से ऑनलाइन 4.64 लाख की ठगी करने वाले दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। साइबर थाना एसीपी मांगीलाल राठौर ने बताया कि 27 अप्रैल को सुमन अग्रवाल ने शिकायत की थी कि उनके चालू खाते से किसी ने 463998 रुपए निकाल लिए, जबकि उन्होंने किसी को ओटीपी भी शेयर नहीं किया। बैंक में पता किया तो बताया कि खाते से ऑनलाइन पेमेंट किया गया है, जिसके लिए बिल डेस्क पेमेंट गेटवे का उपयोग किया था। मामले में पुलिस ने संदिग्ध के तौर पर आरोपी दिनेश विश्नोई निवासी ओसियां और अनिल गोस्वामी बरसालू कलां मतोड़ा को दस्तयाब किया। पूछताछ में दोनों के आरोप कबूल करने पर उन्हें गिरफ्तार किया।
ऐसे की थी साइबर ठगी : एसीपी ने बताया कि आरोपी दिनेश व अनिल ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर एयरटेल कंपनी की सिम खरीदी। फिर सिम का उपयोग कर फ्लिपकार्ट से ऑनलाइन दो कैमरे 463998 रुपए के ऑर्डर किए। इसका पेमेंट अनिल ने धोखे से अपने मालिक के खाते से कर दिया, क्योंकि वह महिला के खाते को हैंडल करता था, उसे उसके खातों की पूरी जानकारी थी।