Dark Mode
देवर्षि नारद प्रथम आदर्श पत्रकार- डॉ. वासुदेव देवनानी

देवर्षि नारद प्रथम आदर्श पत्रकार- डॉ. वासुदेव देवनानी

जयपुर । राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने शनिवार को विश्व संवाद केंद्र द्वारा यहां पाथेय भवन में आयोजित देवर्षि नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देवर्षि नारद भारतीय परंपरा के प्रथम आदर्श पत्रकार हैं, जिनका जीवन लोक-मंगल, सत्य और संवाद की श्रेष्ठ परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने पत्रकारों का आव्हान किया कि वे सत्य, साहस व संवेदना के साथ राष्ट्र सेवा करें। डॉ. देवनानी ने कहा कि नारद केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक सिद्धांत है। जो समाज में ज्ञान का संचार करे और सूचना को सार्थक दिशा दे, वही सच्चे अर्थों में नारद है। उन्होंने कहा कि नारद जी ने सदैव निर्भीक होकर सत्य को स्थापित किया। वे आज की पत्रकारिता के लिए एक प्रेरणा है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी ने वर्तमान समय में सूचना के तीव्र प्रवाह का उल्लेख करते हुए कहा कि आज आवश्यकता केवल सबसे तेज होने की नहीं, बल्कि सबसे सच्चा होने की है। एक गलत सूचना समाज के विश्वास को तोड़ सकती है और विश्वास लोक तंत्र की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने मीडिया से अपेक्षा व्यक्त की कि वह सकारात्मक, समाधान प्रधान और राष्ट्रहित में कार्य करने वाली पत्रकारिता को बढ़ावा दे। डॉ. देवनानी ने कहा कि देवर्षि नारद का संवाद सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना से प्रेरित था और आज की पत्रकारिता को भी इसी दिशा में कार्य करना चाहिए। समाज के वास्तविक अनुभवों से जुड़कर सशक्त एवं प्रभावी रिपोर्टिंग करें। डॉ. देवनानी ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पत्रकार श्री लखबीर सिंह, डिजिटल मीडिया में श्री राम गोपाल जाट और प्रिंट मीडिया में श्री मदन कलाल को नारद पुरस्कार से सम्मानित किया। कार्यक्रम को श्री निंबाराम, वरिष्ठ पत्रकार श्री गिरीश उपाध्याय ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि, पत्रकारिता के विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!