रिबिका के शव को छिलकर दिलदार ने किए थे 50 टुकड़े, किडनी भी आधी मिली
झारखंड में रिबिका पहाड़िन हत्याकांड में पोस्टमार्टम के बाद दिल दहला देने वाले खुलासे हुए हैं। रिबिका का पति दिलदार ने उसकी हत्या करने के बाद उसके शरीर की चमड़ी छीलकर निकाली थी। दिलदार ने रिबिका की हत्या अपने मामा के घर की थी। इसके बाद रिबिका के शव को लेकर अपने दोस्तों के घर गया। वहीं पर दिलदार ने जमीन पर काली पॉलिथिन बिछाकर रिबिका के शरीर के 50 टुकड़े किए थे। रिबिका पहाड़िया के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि रिबिका के साथ जैसी क्रूरता की गई है, उसकी कल्पना करने भर से जी थर्रा उठता है। हत्यारों ने रिबिका के शव से चमड़ी तक छील डाली। शव के छोटे-छोटे टुकड़े करने में आठ से नौ घंटे लगे होंगे। रिबिका पहाड़िया के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट गुरुवार तक मिल सकती है।
पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टरों की टीम में से एक डॉक्टर ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शरीर के 28 टुकड़े लाए गए थे। दोनों किडनियां आधी मिलीं। सिर, फेफड़ा, सात अंगुलियां, बाएं हिस्से की पसली, पेट का हिस्सा समेत कई अंग नहीं हैं। डॉक्टर ने बताया कि बच्चेदानी मिली है, जिसे जांच के लिए संरक्षित कर लिया गया है। हड्डी, नाखून और बच्चेदानी का विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा। बिसरा भी ज्यादा नहीं है। हत्या दो-तीन दिन पहले की गई होगी, क्योंकि शव डि-कंपोस्ट होना शुरू हो चुका था। हमने जीवन में पहली बार ऐसा पोस्टमार्टम किया है। वहीं, रिबिका हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया।
बताया गया है कि आरोपी दिलदार अंसारी की मां मरियम निशा ने अपने भाई मोईनुल अंसारी को 20 हजार रुपये रिबिका की हत्या और शव ठिकाने लगाने के लिए दी थी। उधर, पुलिस ने कोर्ट से बुधवार को मरियम निशा और शव के टुकड़े करने वाले दिलदार के मामा मोईनुल के दोस्त मैनुल हक मोमिन को रिमांड पर लिया। कोर्ट ने 23 दिसंबर तक दोनों को रिमांड पर रखने की अनुमति दी है। हत्याकांड में बोरियो थाना की सब इंस्पेक्टर सुषमा कुमारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बता दें कि रिबिका पहाड़िन (22 ) ने अपने परिवार के खिलाफ जाकर एक महीने पहले ही दिलदार अंसारी (25) से लव मैरिज की थी। 17 दिसंबर को दिलदार ने रिबिका की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए शव के 50 टुकड़े किए थे।