Dark Mode
मिशन “हरियालों राजस्थान” को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

मिशन “हरियालों राजस्थान” को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 में 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य, झालावाड़ जिले में 26 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित

झालावाड़। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल मिशन “हरियालों राजस्थान” के सफल क्रियान्वयन के संबंध में रविवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर राठौड़ ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करें तथा इस जनहितकारी अभियान को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करने हेतु आमजन की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित करें। बैठक में उप वन संरक्षक सागर पंवार ने मिशन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन बल प्रमुख), राजस्थान, जयपुर द्वारा विभागवार लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं।

झालावाड़ जिले में 26 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित
उन्होंने बताया कि सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित विभाग माह अप्रैल से जून तक पौधारोपण हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें, ताकि मानसून सत्र में प्रभावी ढंग से पौधारोपण किया जा सके। उप वन संरक्षक ने कहा कि पौधारोपण के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर उनकी सूची शीघ्र प्रेषित करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि लगाए गए पौधों का जिओ-टैगिंग, सुरक्षा हेतु फेंसिंग तथा ट्री-गार्ड की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए, जिससे पौधों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि मिशन “हरियालों राजस्थान” के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की राज्य स्तर से नियमित एवं सघन मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, उपखण्ड अधिकारी अभिषेक चारण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!