ईडी ने धनशोधन के आरोप में यूको बैंक के पूर्व सीएमडी गोयल को गिरफ्तार किया
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यूको बैंक के पूर्व मुख्य प्रबंध निदेशक (सीएमडी) सुबोध कुमार गोयल को कोलकाता की एक कंपनी से जुड़े 6,200 करोड़ रुपये से अधिक के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने सोमवार को यह जानकारी दी। गोयल को ‘कॉनकास्ट स्टील एंड पावर लिमिटेड’ (सीएसपीएल) और अन्य के खिलाफ जांच के मामले में 16 मई को यहां उनके आवास से गिरफ्तार किया गया था। संघीय जांच एजेंसी ने एक बयान में बताया कि गोयल को 17 मई को कोलकाता में विशेष धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत के समक्ष पेश किया गया जिसने उन्हें 21 मई तक प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया।निदेशालय ने इस जांच के तहत अप्रैल में गोयल और कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर छापेमारी की थी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सीएसपीएल के लिए ऋण स्वीकृत करने, 6,210.72 करोड़ रुपये (ब्याज के बिना मूल राशि) के ऋण को बड़े पैमाने पर किसी अन्य काम में इस्तेमाल करने एवं ‘‘हेराफेरी’’ करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। प्रवर्तन निदेशालय का मामला इसी प्राथमिकी से जुड़ा है।