Dark Mode
अनिल कपूर के दमदार एक्शन की फराह खान ने की जमकर तारीफ

अनिल कपूर के दमदार एक्शन की फराह खान ने की जमकर तारीफ

मुंबई। अभिनेता अनिल कपूर की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'सूबेदार' गुरुवार को ओटीटी पर स्ट्रीम हो गई। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है। अभिनेता ने इस फिल्म के जरिए दमदार एक्शन अवतार में वापसी की है, जिसकी हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है। दर्शक और इंडस्ट्री के लोग उनके अभिनय की खूब प्रशंसा कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज के साथ ही मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान ने अनिल कपूर की जमकर तारीफ की। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अनिल के साथ तस्वीर पोस्ट की और लिखा, "सूबेदार क्या शानदार फिल्म है। अनिल कपूर सच में आप कमाल हो। इंडस्ट्री के सबसे बेहतरीन अभिनेता।" फराह ने लिखा कि डायरेक्टर सुरेश त्रिवेणी को मेडल मिलना चाहिए। उन्होंने फिल्म के अन्य कलाकारों की जमकर तारीफ की। राधिका मदान के बारे में कहा, "राधिका मदान, आप बहुत शानदार लगीं। यह अब तक का आपका सबसे अच्छा काम है।"
आदित्य रावल की परफॉर्मेंस को लेकर उन्होंने लिखा, "आदित्य रावल, आपकी एक्टिंग देखकर मैं सच में शब्दों में कुछ कह नहीं पा रही हूं।" फराह ने लिखा, "मोना सिंह, क्या ऐसा कोई काम है जो आप नहीं कर सकतीं?" साथ ही उन्होंने सौरभ शुक्ला को हमेशा की तरह बेहतरीन बताया।
एक्शन और ड्रामा से भरपूर फिल्म 'सूबेदार' का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है। फिल्म में अनिल कपूर के अलावा, राधिका मदान, मोना सिंह, अदित्य रावल और सौरभ शुक्ला जैसे मंझे हुए कलाकार अहम किरदार में हैं।
यह फिल्म पारिवारिक-सामाजिक परेशानियों से जूझते एक शख्स की कहानी है, जो सैनिक होते हुए भी जिंदगी में आई चुनौतियों से लड़ने के लिए पूरी जान लगा देता है। 'सूबेदार' अर्जुन मौर्य की कहानी है, जो एक आम नागरिक के रूप में जीवन की चुनौतियों से जूझते हैं। अपनी बेटी के साथ तनावपूर्ण रिश्ते को संभालते हैं और सामाजिक कुप्रथाओं का सामना करते हैं। कभी देश के लिए लड़ने वाले सैनिक रहे सूबेदार को अब अपने घर और परिवार की रक्षा के लिए अपने कई दुश्मनों से लड़ना पड़ा।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!