Dark Mode
तारबंदी योजना से सुरक्षित हुई फसल, बढ़ी आय

तारबंदी योजना से सुरक्षित हुई फसल, बढ़ी आय

धौलपुर। जिले की सैपऊ तहसील के ग्राम दोनारी निवासी कृषक मनोज कुमार, पुत्र श्री हरिप्रसाद, आज कृषि विभाग की तारबंदी योजना से लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रहे हैं। मनोज कुमार के स्वामित्व में ग्राम दोनारी में 4 बीघा कृषि भूमि है, जिस पर वे बाजरा, गेहूं, सरसों सहित अन्य प्रमुख फसलें उगाते हैं। पूर्व में वर्षा ऋतु से पहले उनके खेतों में तारबंदी नहीं होने के कारण आवारा एवं जंगली पशुओं द्वारा फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जाता था। इससे न केवल उत्पादन प्रभावित होता था, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से भी काफी हानि उठानी पड़ती थी। कई बार मेहनत के बावजूद उन्हें अपेक्षित पैदावार नहीं मिल पाती थी। इसी दौरान कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक यादवेन्द्र त्यागी ने उनसे संपर्क कर कृषि विभाग की तारबंदी योजना की जानकारी दी। योजना के लाभ और प्रक्रिया समझने के बाद मनोज कुमार ने उनके मार्गदर्शन में आवश्यक दस्तावेज तैयार कर आवेदन किया। स्वीकृति मिलने पर कृषि विभाग द्वारा प्रदत्त अनुदान सहायता से उनके खेतों में तारबंदी स्थापित की गई। तारबंदी के उपरांत मनोज कुमार के खेत अब पूरी तरह सुरक्षित हो गए हैं। आवारा पशुओं से फसल को होने वाला नुकसान लगभग समाप्त हो गया है, जिससे वे अपनी फसलों से अधिकतम उत्पादन प्राप्त कर पा रहे हैं। बेहतर पैदावार के कारण उनकी कृषि आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक सुधार आया है। मनोज कुमार ने इस सफलता का श्रेय राज्य सरकार को देते हुए कहा कि “यदि समय पर मुझे तारबंदी योजना की जानकारी और लाभ नहीं मिलता,तो आज भी मेरी फसलें सुरक्षित नहीं होतीं। यह योजना किसानों के लिए बेहद उपयोगी है।” उनकी यह कहानी क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जो तारबंदी योजना का लाभ लेकर अपनी फसलों को सुरक्षित कर सकते हैं और अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!