शोभायात्रा में हवाई फ़ायरिंग, एक गिरफ़्तार
भीलवाड़ा। ज़िले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में ओमबना सेवा संस्थान कोदिया की ओर से रविवार को निकाली गई शोभायात्रा में बिना लाइसेंस के हथियारों से फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुये एक युवक को गिरफ्तार कर टोपीदार बंदूक बरामद कर ली। वही दो डीजे भी ज़ब्त किए गए है। कोटड़ी थाना पुलिस ने बताया कि ओमबना सेवा संस्थान, कोदिया ने एसडीएम को पत्र लिखकर शोभायात्रा की स्वीकृति ली। एसडीएम ने शोभायात्रा में डीजे व हथियारों का उपयोग नहीं करने की शर्त पर स्वीकृति दी। इसके बाद रविवार को कोटड़ी में शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान कोटड़ी श्याम मंदिर के बाहर शोभायात्रा में दो लोगों ने हवाई फायरिंग की। वहीं डीजे का उपयोग कर शर्तों का उल्लंघन किया। पुलिस का कहना है कि पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचने से पहले ही हवाई फायरिंग हो चुकी थी। सूत्रों का कहना है कि फायरिंग का वीडियो लोगों ने जिला कलेक्टर आशीष मोदी व पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू को भिजवाया। इसे गंभीरता से लेते हुये कलेक्टर-पुलिस अधीक्षक ने कोटड़ी थाना प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिये। पुलिस ने वीडियो की जांच की तो उसमें दो युवक शोभायात्रा में तीन राउंड हवाई फायरिंग करते कैद मिले। पुलिस ने फायरिंग करने वालों की पहचान मानसिंहजी का खेड़ा निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र गजराजसिंह शक्तावत व पपलाल निवासी वीरेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह राजपूत के रूप में कर उनकी तलाश शुरु की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये पपलाज चौराहे पर नरेंद्र सिंह शक्तावत को टोपीदार बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपित वीरेंद्र सिंह राजपूत पुलिस के हाथ नहीं लग पाया। पुलिस ने इनके खिलाफ शर्तों का उल्लंघन, मानव जीवन को संकट में डालने व बिना लाइसेंस की बंदूक का उपयोग कर हवाई फायरिंग करने के आरोप में केस दर्ज किया है।