पाक सीमा पर ड्रोन पर फायरिंग, स्मगलर कर रहे ड्रोन का इस्तेमाल
बीकानेर. राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिये स्मलिंग की जा रही है। इसमें ड्रग्स की तस्करी की जा रही है। सीमा पर उड़ रहे एक ड्रोन को बीएसएफ के जवानों ने गोलियों से भून डाला। तीन माह में ड्रोन पर तीसरी बार फायरिंग हुई है।
सूत्रों के मुताबिक इस ड्रोन से करीब तीन किलो हेरोइन भेजी जा रही थी। इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत करीब दस करोड़ रुपए बताई जा रही है। बीएसएफ को इनपुट मिला था कि पाकिस्तान की ओर से भारत में ड्रोन से ड्रग्स पहुंचाई जा रही है। इसी कारण पश्चिमी राजस्थान की सीमा पर अलर्ट बढ़ाया गया था।
के.के. टीबा पोस्ट पर तड़के जवान चौकसी कर रहे थे। इसी दौरान एक ड्रोन नजर आया, जिसे फायरिंग करके नष्ट किया गया। फिलहाल एजेंसी ने पूरे एरिया को सीज कर दिया। बीएसएफ के डीआईजी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंचे हैं। आसपास के एरिया में जांच की जा रही है।