अमेरिका में तीसरी बार थमीं उड़ानें, 2001 और 2023 में भी मचा था हड़कंप!
नई दिल्ली। अमेरिका में हवाई यातायात व्यवस्था एक बार फिर तकनीकी गड़बड़ी के कारण प्रभावित हुई। शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में घरेलू उड़ानों के टेकऑफ पर अस्थायी रोक लगा दी। अचानक लिए गए इस फैसले से विमानन क्षेत्र में हलचल मच गई। हालांकि, बाद में ग्राउंड स्टॉप हटा लिया गया और उड़ानों को दोबारा शुरू करने की अनुमति दे दी गई।
यह पहला मौका नहीं है, जब अमेरिका को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा हो। देश के विमानन इतिहास में इससे पहले भी दो बार बड़े स्तर पर उड़ानों को रोकने की नौबत आई थी। पहली घटना 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकी हमलों के बाद सामने आई थी, जबकि दूसरी बार जनवरी 2023 में तकनीकी खराबी के कारण पूरे देश की घरेलू उड़ानों पर असर पड़ा था।
सबसे पहली और बेहद गंभीर घटना 11 सितंबर 2001 को हुई थी। उस दिन आतंकियों ने अपहृत विमानों के जरिए न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और पेंटागन को निशाना बनाया था। इन हमलों के बाद अमेरिकी प्रशासन ने देशभर में उड़ानों को रोकने का असाधारण फैसला लिया था। उस समय आसमान में मौजूद विमानों को सुरक्षित उतारने और हवाई क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़े स्तर पर कदम उठाए गए थे।
इसके करीब 22 साल बाद, 11 जनवरी 2023 को अमेरिका का विमानन नेटवर्क फिर तकनीकी संकट में फंस गया। इस बार परेशानी FAA के नोटिस टू एयर मिशन (NOTAM) सिस्टम में आई खराबी के कारण हुई थी। यह सिस्टम पायलटों को उड़ान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराता है। इसके ठप होने से जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान में दिक्कत आने लगी थी।
स्थिति को देखते हुए FAA ने एहतियातन सभी घरेलू उड़ानों के टेकऑफ पर रोक लगा दी थी। यह प्रतिबंध करीब 90 मिनट तक चला। इस दौरान हजारों उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जांच और तकनीकी सुधार के बाद उड़ानों का संचालन फिर से शुरू किया गया था।
अब 13 नवंबर 2026 को एक बार फिर ऐसी ही स्थिति सामने आई। इस बार एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों की संचार व्यवस्था में तकनीकी समस्या आने के कारण उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने बताया कि देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को प्रभावित करने वाली संचार संबंधी गड़बड़ी की जांच की जा रही है।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी साइबर हमले या दुर्भावनापूर्ण गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, तकनीकी समस्या की असली वजह जानने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों का प्रयास है कि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचने के लिए जरूरी सुधार किए जा सकें।
लगातार सामने आई इन घटनाओं ने अमेरिका की विमानन व्यवस्था में तकनीक पर बढ़ती निर्भरता और आपातकालीन तैयारियों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। खासकर ऐसे समय में, जब लाखों यात्री रोजाना हवाई सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार व्यवस्था का सुचारू रहना बेहद महत्वपूर्ण है।