Dark Mode
परमाणु हथियारों पर ट्रंप की बड़ी पहल, शी और पुतिन से करेंगे बात

परमाणु हथियारों पर ट्रंप की बड़ी पहल, शी और पुतिन से करेंगे बात

वाशिंगटन। दुनिया की तीन बड़ी परमाणु ताकतों के बीच हथियारों की होड़ कम करने को लेकर एक अहम बातचीत की तैयारी हो रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी आगामी एशिया यात्रा के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ परमाणु हथियारों में कटौती का मुद्दा उठाएंगे। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि इस बातचीत से किसी बड़े समझौते की उम्मीद नहीं है।

व्हाइट हाउस की सहायक प्रेस सचिव ओलिविया वेल्स ने ट्रंप की फिलीपींस और चीन यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि चीन दौरे के दौरान तीनों नेताओं की मुलाकात होगी। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य परमाणु हथियारों के भंडार को कम करने की दिशा में शुरुआती चर्चा करना है। फिलहाल इसे किसी औपचारिक समझौते की शुरुआत के बजाय संवाद का पहला कदम माना जा रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी बताया कि ट्रंप शी जिनपिंग और पुतिन के साथ प्रस्तावित बैठक में ईरान से जुड़े मुद्दे पर चर्चा कर सकते हैं। हालांकि, रूस-यूक्रेन युद्ध को इस बातचीत के एजेंडे में शामिल किए जाने की संभावना नहीं है। यूक्रेन को लेकर अमेरिका और रूस के बीच अलग से बातचीत चल रही है। ट्रंप और पुतिन के बीच किसी अलग द्विपक्षीय बैठक का कार्यक्रम भी तय नहीं है।

ट्रंप सोमवार को वाशिंगटन से रवाना होंगे और मंगलवार शाम स्थानीय समयानुसार मनीला पहुंचेंगे। फिलीपींस में उनका क्वाड नेताओं से मिलने, अमेरिका-आसियान विशेष शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने और थाईलैंड के साथ व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने का कार्यक्रम है। इसके अलावा फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक और राजकीय भोज भी प्रस्तावित है।

फिलीपींस दौरे के बाद ट्रंप चीन के शहर शेन्जेन जाएंगे, जहां एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन आयोजित होगा। गुरुवार को एपेक नेताओं के साथ बैठकों के अलावा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय मुलाकात और वर्किंग लंच का कार्यक्रम है। इसके बाद तीनों नेताओं की प्रस्तावित बैठक होगी।

व्यापार के मोर्चे पर भी अमेरिका और चीन के बीच कई अहम मुद्दे चर्चा में रहेंगे। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस बार बातचीत का जोर किसी नए टैरिफ समझौते की घोषणा करने के बजाय पहले से मौजूद समझौतों को लागू कराने पर रहेगा। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि और ट्रेजरी विभाग के अधिकारी चीनी प्रतिनिधियों के साथ टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को लेकर बातचीत कर चुके हैं।

दुर्लभ खनिजों यानी रेयर अर्थ की आपूर्ति भी इस बैठक का अहम मुद्दा बन सकती है। अमेरिकी प्रशासन चीन से होने वाली इन खनिजों और उनसे जुड़े उत्पादों की आपूर्ति की गति और मात्रा से संतुष्ट नहीं है। इसी वजह से बुसान समझौते को छह महीने के बजाय फिलहाल केवल दो महीने का विस्तार दिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ट्रंप शी जिनपिंग के सामने यह मुद्दा उठा सकते हैं।

इसके अलावा अमेरिका चीन से जुड़े निर्यात नियंत्रण और चिप तकनीक की सुरक्षा को लेकर भी सतर्क है। अमेरिकी अधिकारी कथित चिप तस्करी रोकने के लिए अन्य देशों पर लाइसेंसिंग की शर्तें लागू करने और रिमोट एक्सेस से जुड़े प्रतिबंधों की समीक्षा करने जैसे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, ये प्रस्ताव अभी विचाराधीन हैं और इन्हें आधिकारिक नीतिगत बदलाव के रूप में घोषित नहीं किया गया है।

ट्रंप की इस यात्रा में एलन मस्क भी चीन दौरे के कुछ हिस्सों में उनके साथ रह सकते हैं। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मस्क शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक और शी-पुतिन के साथ होने वाली त्रिपक्षीय बातचीत में शामिल नहीं होंगे।

व्हाइट हाउस के मुताबिक, सितंबर में ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकात से दोनों देशों के व्यापार और निवेश बोर्डों से जुड़े काम को आगे बढ़ाने में मदद मिली थी। अब अमेरिकी प्रशासन एपेक बैठकों को अमेरिकी निर्यात के लिए नए बाजार तलाशने और व्यापार, ऊर्जा तथा आर्थिक विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के अवसर के रूप में देख रहा है।

गौरतलब है कि चीन लंबे समय से अमेरिका और रूस के साथ त्रिपक्षीय परमाणु हथियार नियंत्रण वार्ता में शामिल होने को लेकर हिचकिचाता रहा है। ऐसे में तीनों नेताओं की प्रस्तावित मुलाकात से बातचीत का नया रास्ता खुल सकता है, लेकिन तत्काल किसी ठोस समझौते तक पहुंचना आसान नहीं होगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!