Dark Mode
“यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें” : दिनेश सिंह

“यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें” : दिनेश सिंह

जयपुर। महाराजा महाविद्यालय, जयपुर में मुस्कान फाउंडेशन द्वारा BRACE – Road Safety College Education Program के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात अनुशासन तथा जिम्मेदार सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन जयपुर RTO-2 तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, राजस्थान सरकार के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. आर.के. गुसाई ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत किया तथा सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विद्यार्थियों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिनेश सिंह, RTO Inspector, जयपुर रहे। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि दिनेश सिंह महाराजा महाविद्यालय के पूर्व छात्र भी रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएं। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया। मुख्य अतिथि के संबोधन के पश्चात मुस्कान फाउंडेशन की ओर से महेश कुमार शर्मा एवं समीर नैनावत ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा विषय पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण सत्र में विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के सही उपयोग, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से बचने, यातायात संकेतों को समझने एवं उनका पालन करने तथा सड़क पर पैदल यात्रियों और अन्य वाहन चालकों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार रखने के संबंध में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुस्कान फाउंडेशन की Director – Projects सुश्री नेहा खुल्लर (Neha Khullar) की भी विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा युवाओं को सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर महाविद्यालय के उप-प्राचार्य डॉ. ऋषिकेश मीणा, डॉ. दिनेश कुमार, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। महाविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान युवाओं की सड़क सुरक्षा में भूमिका, जिम्मेदार ड्राइविंग तथा यातायात नियमों के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि दिनेश सिंह ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति सदैव जागरूक रहने तथा स्वयं को एक सुरक्षित एवं जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता की व्यक्तिगत एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना, नशे की स्थिति में वाहन न चलाना तथा यातायात संकेतों का पालन जैसे छोटे-छोटे प्रयास सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। BRACE – Road Safety College Education Program के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने के लिए आवश्यक व्यावहारिक जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुस्कान फाउंडेशन, जयपुर RTO-2 तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!