प्रिंसेस दिया कुमारी फाउंडेशन द्वारा निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन
जयपुर. प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन द्वारा रविवार को बादल महल जयपुर में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ राजसमंद सांसद एवं भाजपा की प्रदेश महामंत्री, दीया कुमारी ने किया। शिविर में निशुल्क नेत्र जांच कराने वालों को आवश्यकतानुसार निशुल्क चश्में भी प्रदान किए गए। शिविर का आयोजन फिक्की फ्लो, विज़न स्प्रिंग, एमके डायग्नोस्टिक के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में जयपुर के समाज सेवकों ने भी भाग लिया। शिविर के पहले दिन लगभग 400 जरूरतमंद लोगों की आंखों की निशुल्क जांच की गई और निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। इस आयोजन को लेकर प्रिंसेस दीया कुमारी फाउंडेशन की जनरल सेक्रेटरी, प्रिंसेस गौरवी ने सभी का आभार व्यक्त किया एवं कार्यक्रम की सराहना की।