Dark Mode
मकान से मिला अवैध पटाखों का जखीरा, संचालक फरार

मकान से मिला अवैध पटाखों का जखीरा, संचालक फरार

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर के सुभाष चौक थाना इलाके के पानों का दरीबा और चाणक्या मार्ग के बीच स्थित एक गली में कार्रवाई करते हुए एक दो मंजिला मकान से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया था।
पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासी रोहित अग्रवाल सीजनल पटाखों की दुकान संचालित करता है। जांच में पता चला कि उसने अपने आवासीय मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर रखे थे। रोहित अपने माता-पिता और परिवार के साथ इसी मकान में रहता है, जबकि भवन के कुछ हिस्सों में किरायेदार भी निवास कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार मकान के निकट ही कोयले का एक गोदाम भी स्थित है। ऐसे में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का आवासीय क्षेत्र में भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।
सूचना मिलने पर सबसे पहले जयपुर पुलिस की सीएसटी टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद सुभाष चौक थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस को मकान के एक बंद कमरे में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे मिले। जांच के दौरान मकान मालिक के पिता से पूछताछ की गई और बरामद सामग्री की जानकारी जुटाई गई। पुलिस को मौके से बंद डिब्बों में रखी चाइनीज पिस्टलें भी मिली हैं, जिनकी बिक्री पर पूर्व में प्रतिबंध लगाया जा चुका है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन वस्तुओं का भंडारण और बिक्री किस उद्देश्य से की जा रही थी।
इस कार्रवाई के दौरान रोहित अग्रवाल मौके पर नहीं मिला। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है तथा बरामद पटाखों की मात्रा, वैधता और भंडारण संबंधी लाइसेंस की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!