अवैध हथकड़ शराब बरामद, शराब भट्टियों को तोड़ा
धौलपुर। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। चुनावों में अवैध शराब पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने को लेकर पुलिस विभाग के साथ ही आबकारी विभाग भी अलर्ट हो गया है। जिला आबकारी विभाग ने अवैध हथकड़ शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध हथकड़ शराब बरामद की है। आबकारी निरीक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर जिला आबकारी अधिकारी घनश्याम शर्मा के निर्देश में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सूचना मिली थी कि आदर्श नगर पचगांव में कुछ लोग अवैध तरीके से हथकड़ शराब बना रहे हैं। सूचना पर आबकारी सीआई नीरज शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मौके के लिए रवाना किया गया, जहां कुछ जगहों पर भट्टियों पर हथकढ़ शराब का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर पहुंची आबकारी की टीम ने 2 भट्टियों को तोड़ते हुए करीब 10 लीटर हथकड़ शराब को मौके से बरामद किया है। टीम ने करीब 2000 लीटर वॉश को भी नष्ट किया है। आबकारी विभाग की ओर से शराब निर्माण के मामले में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब का निर्माण कर रहे आरोपी मौके से फरार हो गए। जिनके खिलाफ विभाग ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।