बस्सी में खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के 10 नमूने लिए, जोबनेर क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपलिंग की हुई कार्रवाई
जयपुर । शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर दीपावली के त्यौहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने हेतु चलाए गए विशेष अभियान में सी एम एच ओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने बस्सी में अनेक प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही करते हुए मिठाइयों के 10 नमूने लिए। टीम ने बस्सी बस स्टैंड स्थित मैसर्स श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी मैसर्स बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई मैसर्स श्रीराम मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी,गंगाधाम मोड़ स्थित मैसर्स लाल जी जोधपुर स्वीट्स से मिश्री मावा तूंगा रोड स्थित मैसर्स शर्मा स्वीट्स एंड लोटस पार्लर से मावा,कलाकंद घी के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लिए गए, जिनकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। टीम द्वारा लगभग एक दर्जन दुकानों का निरीक्षण कर मिठाइयां तैयार करने में अच्छी क्वालिटी का मावा उपयोग में लेने, फूड कलर का इस्तेमाल सीमित मात्रा में करने, खराब एवं दूषित हो चुकी मिठाइयों को नहीं बेचने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, फूड लाइसेंस को दुकान पर डिस्प्ले करने के निर्देश दिये गए। इसी क्रम में जोबनेर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। इसके तहत पन्ना मिष्ठान भंडार से रसगुल्ले, जोधाना मिष्ठान भंडार से कलाकंद तथा शिव शक्ति मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा के सैंपल लिए गए। इसके अतिरिक्त श्री राम स्वीट्स का निरीक्षण कर प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।