Dark Mode
जयपुर में आम लोगों के बीच पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, की मॉर्निंग वॉक और सुनी समस्याएं

जयपुर में आम लोगों के बीच पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, की मॉर्निंग वॉक और सुनी समस्याएं

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार सुबह जयपुर के जवाहर सर्किल में आम लोगों के बीच नजर आए। उन्होंने यहां लोगों के साथ मॉर्निंग वॉक की और अलग-अलग वर्गों के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर बातचीत की। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर सुबह घूमने आए लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं से आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनकी रोजमर्रा की समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बच्चों से भी बातचीत की और उनकी पढ़ाई तथा दिनचर्या के बारे में पूछा। बच्चों को स्वस्थ रहने और अच्छी आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने चॉकलेट भी बांटी।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और राजस्थान की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके अलावा उन्होंने आम लोगों के साथ छाछ पीकर स्वस्थ खान-पान अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए 'वोकल फॉर लोकल' अभियान में भागीदारी निभाने पर भी जोर दिया।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'फिट इंडिया' अभियान स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उनका कहना था कि जब व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, तो उसकी काम करने की क्षमता भी बेहतर होती है। इससे वह अपने काम को अधिक ऊर्जा और उत्साह के साथ पूरा कर सकता है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपनी दिनचर्या में योग, व्यायाम और नियमित शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि बेहतर समाज के निर्माण के लिए भी जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई को लेकर भी लोगों को जागरूक किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को भी इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। लोगों को अपने आसपास गंदगी नहीं फैलने देनी चाहिए और कहीं गंदगी दिखाई देने पर संबंधित प्रशासन को इसकी जानकारी देनी चाहिए।

मुख्यमंत्री की इस पहल के दौरान मॉर्निंग वॉक करने आए लोगों में काफी उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने उनसे बातचीत की और साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!