पत्रकारिता विश्वविद्यालय में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन
अग्रणी टेक्नोलॉजी कंपनी मोबिलाइट ने एमओयू के तहत सौंपे अत्याधुनिक कंप्यूटर्स
जयपुर . हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय (एचजेयू) में विद्यार्थी अब अत्याधुनिक कंप्यूटर्स की मदद से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग की बारीकियां भी सीख पाएंगे। गुरुवार को विश्वविद्यालय के खासाकोठी स्थित अकादमिक परिसर में ‘डिजिटल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज’का उद्घाटन किया गया। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुधि राजीव और जोधपुर स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ (जेएसपीएच) के संस्थापक अध्यक्ष और मोबिलाइट यूएसए के सदस्य श्री अनिल पुरोहित ने सेंटर का उद्घाटन किया।
विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षण करने के लिए एचजेयू और अग्रणी टेक्लॉजी कंपनी मोबिलाइट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के बीच एक एमओयू मार्च 2023 में हुआ था। एमओयू के तहत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए शुरुआती सहयोग के लिए 5 अत्याधुनिक कंप्यूटर्स कंप्यूटर लैब में स्थापित किए हैं।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सुधि राजीव ने कहा, ‘हर सेक्टर में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का दखल बढ़ रहा है, ऐसे में मीडिया सेक्टर भी इससे अछूता नहीं रह सकता। सूचनाएं जुटाने से लेकर उनको प्रस्तुत करने तक मीडियाकर्मी एआई का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में मीडियाकर्मियों की भावी पीढ़ी को एआई और मशीन लर्निंग के ज्ञान से वंचित नहीं रखा जा सकता। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस हमारे विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग में दक्ष बनाने में मदद करेगा। सेंटर की स्थापना में सहयोग के लिए मैं मोबिलाइट टेक्नोलॉजीज के सीईओ श्री जगदीश हर्ष का शुक्रिया अदा करती हूं।’
जेएसपीएच के अध्यक्ष और मोबिलाइट यूएसए के सदस्य श्री अनिल पुरोहित ने इस अवसर पर कहा कि एआई के उपयोग को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन इसमें कोई दोराय नहीं है कि इसका उपयोग सभी क्षेत्रों में बढ़ रहा है। यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भावी पत्रकारों को एआई टेक्नोलॉजी के उपयोग के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
मोबिलाइट के डायरेक्टर एंड वाइस प्रेसिडेंट (आईओटी, ऑटोमेशन एंड क्लाउड सॉल्यूशंस) श्री आकाश गहलोत ने कहा कि सेंटर डिजिटल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज विद्यार्थियों को इस नई टेक्नोलॉजी का प्रशिक्षण प्रदान करने में मदद करेगा। एआई और मशीन लर्निंग पत्रकारिता और जनसंचार क्षेत्र को अत्यधिक प्रभावित करने वाला है।
मोबिलाइट के वाइस प्रेसिडेंट (ब्रांड मार्केटिंग एंड स्ट्रेटजी) श्री गौरव कथूरिया ने कहा कि आने वाला समय इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई), मेटावर्स, ब्लॉकचेन और वेब 3 जैसी आधुनिक टेक्नोलॉजी का है। यह देश और दुनिया में सभी लोगों के जीवन को किसी न किसी प्रकार प्रभावित करने वाला है।
इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री अयूब खान, वित्त नियंत्रक श्री सत्येंद्र बसवाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आलोक श्रीवास्तव, उपकुलसचिव डॉ. नीलम उपाध्याय, सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे।