भारत-जापान रक्षा सहयोग मजबूत, लाइव-फायर सैन्य अभ्यास को लेकर बनी सहमति
नई दिल्ली। भारत और जापान ने रक्षा, सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी को और व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति जताई है। दोनों देशों के बीच भारत में जापानी सेल्फ डिफेंस फोर्सेज के लाइव-फायर प्रशिक्षण तथा सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइलों से जुड़े सैन्य अभ्यास की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस सहमति को दोनों देशों के सैन्य सहयोग में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह समझौता बुधवार को टोक्यो में आयोजित भारत-जापान की चौथी 2+2 विदेश एवं रक्षा मंत्रीस्तरीय बैठक के दौरान हुआ। बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर शामिल हुए, जबकि जापान का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने किया।
बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में दोनों देशों ने मौजूदा वैश्विक चुनौतियों और बदलते भू-राजनीतिक हालात के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा आपसी विश्वास बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। भारत और जापान ने स्वतंत्र, खुले और नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए एकतरफा तरीके से यथास्थिति बदलने के प्रयासों का विरोध किया।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर
दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई। इस दिशा में भारत की इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव (IPOI) और महासागर संबंधी पहलों के साथ जापान की 'फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक' रणनीति के बीच बेहतर तालमेल विकसित करने पर चर्चा हुई।
संयुक्त बयान में सैन्य अभ्यासों के दायरे को बढ़ाने, उनमें मानवरहित प्रणालियों को शामिल करने और कम समय के नोटिस पर द्विपक्षीय तथा बहुपक्षीय अभ्यास आयोजित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। भारत में जापानी लड़ाकू विमानों की पहली यात्रा और 'वीर गार्जियन 26' वायुसेना अभ्यास को दोनों देशों के रक्षा सहयोग में उल्लेखनीय उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया गया।
रक्षा उत्पादन में 'डिजाइन विद जापान, मेक इन इंडिया'
रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दोनों देश 'डिजाइन विद जापान, मेक इन इंडिया' पहल के तहत काम आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। इसके माध्यम से रक्षा तकनीक, उपकरणों के संयुक्त विकास और उत्पादन की संभावनाओं को तलाशने पर जोर दिया जाएगा। दोनों देशों का उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में तकनीकी सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को व्यापक बनाना है।
समुद्री सुरक्षा और नौसेना सहयोग होगा मजबूत
समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में भारतीय नौसेना और जापान की समुद्री आत्मरक्षा बल के बीच सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। इसके तहत समुद्री क्षेत्र की निगरानी, सूचना साझा करने, खोज एवं बचाव अभियान और आपदा राहत गतिविधियों में साझेदारी को मजबूत किया जाएगा।
इसके अलावा समुद्री बारूदी सुरंगों से निपटने की क्षमता बढ़ाने और नौसैनिक जहाजों के संयुक्त विकास की संभावनाओं पर भी दोनों पक्षों ने चर्चा की। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए इस सहयोग को अहम माना जा रहा है।
साइबर सुरक्षा, एआई और डिजिटल क्षेत्र में साझेदारी
भारत और जापान ने साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार किया। दोनों देशों ने साइबर हमलों से निपटने, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और एआई आधारित साइबर सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आर्थिक सुरक्षा के लिहाज से सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और दवा उद्योग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। दोनों पक्षों ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को अधिक मजबूत, सुरक्षित और विविध बनाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
आतंकवाद के खिलाफ साझा रुख
बैठक में भारत और जापान ने सभी प्रकार के आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की कड़ी निंदा की। दोनों देशों ने अलकायदा, आईएसआईएस, लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे संयुक्त राष्ट्र सूचीबद्ध आतंकवादी संगठनों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकानों को समाप्त करने और आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण पर रोक लगाने की अपील भी की गई।
दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की आवश्यकता का समर्थन किया। उन्होंने परिषद की स्थायी और अस्थायी दोनों श्रेणियों में विस्तार की वकालत करते हुए सुधार के बाद एक-दूसरे की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
2027 में मनाया जाएगा भारत-जापान साझा क्षितिज वर्ष
भारत और जापान के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष वर्ष 2027 में पूरे होंगे। इस महत्वपूर्ण अवसर को दोनों देशों ने 'भारत-जापान साझा क्षितिज वर्ष' के रूप में मनाने पर सहमति जताई है। पूरे साल विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों, सांस्कृतिक जुड़ाव और साझेदारी को प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मुद्दों पर नियमित संवाद जारी रखने का फैसला भी किया गया। साथ ही, अगली 2+2 विदेश एवं रक्षा मंत्रीस्तरीय बैठक भारत में आपसी सहमति से आयोजित करने पर सहमति जताई गई।