Dark Mode
भारत की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन आज होगी लॉन्च

भारत की पहली स्वदेशी H5N1 बर्ड फ्लू वैक्सीन आज होगी लॉन्च

नई दिल्ली। देश के पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू के खतरे से बचाने के लिए अब स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार, 20 नवंबर को भारत की पहली स्वदेशी इनएक्टिवेटेड H5N1 हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस वैक्सीन को भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) ने विकसित किया है।

यह वैक्सीन H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a के खिलाफ तैयार की गई है। मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए इसी वायरस स्वरूप को जिम्मेदार माना गया है। अब तक इस विशेष क्लेड के संक्रमण से बचाव के लिए कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में स्वदेशी वैक्सीन का विकास पोल्ट्री क्षेत्र में बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती देने वाला कदम माना जा रहा है।

बर्ड फ्लू यानी हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) मुर्गियों और अन्य पक्षियों के लिए बेहद गंभीर बीमारी है। संक्रमण फैलने पर पक्षियों में मृत्यु दर लगभग 100 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। बीमारी के प्रकोप को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है और कई बार व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने पड़ते हैं। इससे पोल्ट्री कारोबार प्रभावित होने के साथ किसानों की आजीविका पर भी संकट पैदा हो जाता है।

भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद H5N1 और H5N8 वायरस के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। बीमारी के व्यापक प्रसार की स्थिति में देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी प्रभावित होने का खतरा है। सरकारी अनुमानों के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है।

बर्ड फ्लू से होने वाला नुकसान केवल पक्षियों की मौत और पोल्ट्री कारोबार तक सीमित नहीं है। संक्रमण के कारण बाजार में पोल्ट्री उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित होती है, कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी असर पड़ता है। वर्ष 2006 में बीमारी के प्रकोप से देश को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। वहीं, मणिपुर में एक प्रकोप के दौरान राज्य की जीडीपी के 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक क्षति दर्ज की गई थी।

बर्ड फ्लू को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी गंभीर माना जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है। हाल के वर्षों में इस वायरस के संक्रमण का पता स्तनधारी जीवों में भी चला है, जबकि मनुष्यों में भी तीन मामले सामने आने का उल्लेख किया गया है।

ICAR-NIHSAD की ओर से विकसित स्वदेशी वैक्सीन का उद्देश्य देश में फैल रहे H5N1 क्लेड 2.3.2.1a वायरस से मुर्गियों को सुरक्षा प्रदान करना है। इससे पोल्ट्री फार्मों में संक्रमण के जोखिम को कम करने, किसानों को भारी आर्थिक नुकसान से बचाने और वायरस के अन्य पशुओं तथा मनुष्यों तक फैलने की संभावनाओं को सीमित करने में मदद मिल सकती है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!