Dark Mode
पीएम मोदी आज करेंगे पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन

पीएम मोदी आज करेंगे पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन

नई दिल्ली। भारत की साझा सभ्यतागत विरासत और एससीओ देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 20 नवंबर को नई दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे होने वाले उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। यह तीन दिवसीय आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा।

इस मंच पर विभिन्न एससीओ देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि एकत्रित होंगे। आयोजन का उद्देश्य देशों की परस्पर जुड़ी सभ्यतागत परंपराओं को सामने लाना, लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना और सांस्कृतिक संवाद तथा सहयोग को प्रोत्साहित करना है।

इस पहल की नींव प्रधानमंत्री मोदी के वर्ष 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के प्रस्ताव से पड़ी थी। उस दौरान उन्होंने संगठन के अंतर्गत सभ्यतागत संवाद के लिए एक विशेष मंच स्थापित करने का सुझाव दिया था। बाद में एससीओ की बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिखेगा भारत-यूरेशिया का जुड़ाव

फोरम के उद्घाटन समारोह में 'सिविलाइजेशन्स इन कन्वर्सेशन-कल्चरल शो' नाम से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। संगीत, नृत्य, दृश्य कथावाचन और प्रस्तुति के माध्यम से भारत तथा यूरेशिया के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाया जाएगा। कार्यक्रम की थीम 'वसुधैव कुटुंबकम-विश्व एक परिवार है' रखी गई है, जो विभिन्न सभ्यताओं के बीच एकता और आपसी जुड़ाव का संदेश देगी।

पुरातात्विक प्रदर्शनी में दिखेगी दिल्ली की ऐतिहासिक यात्रा

मंच के दौरान 'अस्तित्व-द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस' शीर्षक से प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के जरिए दिल्ली के इतिहास और उसकी सांस्कृतिक यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा।

इसमें उत्खनन से प्राप्त अवशेष, पुरावस्तुएं, वास्तुशिल्प के टुकड़े और ऐतिहासिक महत्व की अन्य खोजें शामिल होंगी। प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शकों को दिल्ली के प्राचीन इतिहास और विभिन्न कालखंडों में विकसित हुई सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि भी बनेगी आकर्षण

आयोजन में 'महाभारत स्क्रॉल पवेलियन-अनंत : 18वीं सदी की दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि' भी प्रदर्शित की जाएगी। इसमें चित्रों से सुसज्जित महाभारत की एक दुर्लभ हस्तलिखित स्क्रॉल प्रस्तुत होगी। यह प्रदर्शनी भारत की महाकाव्य परंपरा, चित्रकला और ऐतिहासिक साहित्यिक विरासत की झलक पेश करेगी।

चार विषयों पर होगा विचार-विमर्श

21 और 22 नवंबर को मंच के तहत चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विभिन्न देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। चर्चा में संगीत और प्रदर्शन कलाओं, वस्त्रों, खानपान तथा पारंपरिक खेलों जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को शामिल किया जाएगा।

इसके साथ ही कला और वास्तुकला की साझा परंपराओं, भाषाओं एवं साहित्यिक विरासत, लिपियों और पांडुलिपियों तथा मठों से जुड़े ऐतिहासिक मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर भी विचार साझा किए जाएंगे।

इस मंच के जरिए एससीओ देशों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक समानताओं को सामने लाने के साथ विभिन्न समाजों के बीच संवाद, सहयोग और लोगों के आपसी संबंधों को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!