नवी मुंबई से 30 से अधिक नए मार्गों पर उड़ान शुरू करेगा इंडिगो, 400 से ज्यादा उड़ानें होंगी संचालित
नई दिल्ली। देश की अग्रणी उड्डयन कंपनी इंडिगो ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 30 से अधिक नए उड़ान मार्ग शुरू करने की घोषणा की है। इनपर उड़ान सेवाएं 29 मार्च से 23 अप्रैल के बीच चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी।इंडिगो ने बताया कि नए मार्गों से एयरलाइन आगरा, अयोध्या, बागडोगरा, बेलगाम (कर्नाटक), चंडीगढ़, दीव, कन्नूर (केरल), कोलकाता, पटना, राजकोट, श्रीनगर, वाराणसी और विशाखापत्तनम सहित कई प्रमुख शहरों को नवी मुंबई को जोड़ेगी। इन मार्गों के शुरू होने के बाद नवी मुंबई से प्रति सप्ताह 400 से अधिक उड़ानों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा और बेहतर यात्रा विकल्प मिलेंगे।कंपनी के अनुसार, नवी मुंबई और गुजरात के बीच संपर्क को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। इसी क्रम में भावनगर और नवी मुंबई के बीच प्रतिदिन दो सीधी उड़ानें शुरू कर दी गई हैं। ये सेवाएं एटीआर विमान से संचालित हो रही हैं, जिससे दोनों शहरों के बीच तेज और सुगम यात्रा संभव होगी।इसके अलावा कंपनी ने जामनगर के लिए भी सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है, जो 23 अप्रैल से प्रारंभ होगी। इस विस्तार के बाद एयरलाइन गुजरात के छह शहर अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, भावनगर और जामनगर में अपनी सेवाएं देगी। इन शहरों के लिए कुल मिलाकर 1400 से अधिक साप्ताहिक उड़ानों का संचालन किया जाएगा।जारी कार्यक्रम के अनुसार, नवी मुंबई से कई शहरों के लिए दैनिक उड़ानें उपलब्ध होंगी। इनमें गोवा, कोल्हापुर (महाराष्ट्र), गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), भोपाल, देहरादून, हुब्बली (कर्नाटक), इंदौर, दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल), मदुरै (तमिलनाडु), औरंगाबाद (महाराष्ट्र), जबलपुर (मध्य प्रदेश), झारसुगुड़ा (ओडिशा) और रायपुर जैसे शहर शामिल हैं।कुछ मार्गों पर साप्ताहिक आधार पर उड़ानों का संचालन किया जाएगा। आगरा, देहरादून, दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल) और श्रीनगर के लिए सप्ताह के निश्चित दिनों में सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।वर्तमान में एयरलाइन के पास 400 से अधिक विमानों का बेड़ा है और यह प्रतिदिन 2200 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है, जिससे 95 से अधिक घरेलू और 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती है।