पश्चिम बंगाल के मोथाबारी में हुई हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा बंद, 34 लोग गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबारी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में एक दिन पहले दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं। क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच दिनभर स्थिति तनावपूर्ण, लेकिन शांतिपूर्ण रही।कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को तीन अप्रैल तक हिंसा पर कार्रवाई रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए यह अपेक्षा की जाती है कि राज्य को सतर्कता से काम करना चाहिए तथा ऐसी हिंसा से प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए।
राज्य की मंत्री और स्थानीय टीएमसी विधायक सबीना यास्मीन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “हमने अभी-अभी समुदायों और समूहों के बीच शांति बैठक पूरी की है। बैठक बहुत सकारात्मक रही। हमें पूरा भरोसा है कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।”उन्होंने कहा कि इंटरनेट निलंबन के बावजूद, आगामी ईद और रामनवमी उत्सव के मद्देनजर धारा 144 (निषेधाज्ञा) लागू नहीं की गई। मंत्री ने कहा, “रामनवमी और ईद के त्यौहार के कारण यह निर्णय लिया गया था कि धारा 144 नहीं लगाई जाएगी। लेकिन पुलिस और प्रशासन ने यह संदेश फैला दिया है कि किसी भी बड़ी भीड़ को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।”