जैसलमेर : वन महोत्सव के तहत 128 ईटीएफ करेगी सघन वृक्षारोपण
- मोहनगढ में दो जुलाई व कनोई में 03 जुलाई को होगा, सघन पौधारोपण व किया जाएगा श्रमदान
जैसलमेर जिले के उपनिवेशन क्षेत्र मोहनगढ कस्बे की आरसीपी कॉलोनी स्थित 128वीं पैदल वाहिनी (प्रा.से.) पयार्वरण राज रिफ की ओर से जैसलमेर क्षेत्र के दुर्गम व बंजर स्थलों को हरा भरा बनाने का कार्य किया जा रहा है मोहनगढ क्षेत्र के अलावा जैसलमेर जिले के शहरी, ग्रामीण व डीएनपी क्षेत्र में भी पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है। मानसून की पहली बरसात के शुरू होते ही बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल मोहन सिंह राठौड़ के निर्देशों की पालना में पौधारोपण का कार्य शुरू कर दिया गया है। 128 ईटीएफ के जवान पौधारोपण करने में जुट गए है। एक जुलाई से सात जुलाई तक वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 128 ईटीएफ की ओर से दो जुलाई को मोहनगढ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुरा व तीन जुलाई को ग्राम कनोई के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में वन महोत्सव के तहत सघन वृक्षारोपण व श्रमदान किया जाएगा। बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल मोहन सिंह राठौड़ के आतिथ्य में तीन जुलाई की सुबह 10ः30 बजे के करीब आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण, श्रमदान व पौधों का वितरण किया जाएगा। बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल राठौड़ का कहना है कि वन महोत्सव के तहत मोहनगढ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुरा में दो जुलाई को सुबह 10ः30 बजे भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। जिसमें विद्यालय परिसर में सघन वृक्षारोपण किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों का वितरण किया जाएगा।