जैसलमेर: सुविख्यात मरू महोत्सव-2026 का आयोजन 30 जनवरी से 01 फरवरी तक
जैसलमेर। अन्तर्राष्ट्रीय मानचित्र पर ख्याति अर्जित कर चुके जैसलमेर जिले के जग विख्यात ’’मरू महोत्सव-2025’’ का शानदार एवं भव्य आयोजन 30 से 01 फरवरी 2026 तीन दिवस तक होगा। जिला कलक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में मरू महोत्सव को बेहतर एवं यादगार बनाने के लिए शुक्रवार को बैठक का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर श्री सिंह ने पर्यटन विभाग द्वारा मरु महोत्सव के 30 जनवरी से 01 फरवरी तक आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से समीक्षा की एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर उनसे सुझाव भी प्राप्त किए गये। मरु महोत्सव के दौरान पोकरण, जैसलमेर, सम व खुहड़ी में निर्धारित किए गए कार्यक्रमों के बारे में पूरी चर्चा की गई एवं जिला कलक्टर ने कहा कि मरु महोत्सव का आयोजन भव्य हो एवं महोत्सव में आने वाले हर देशी-विदेशी पर्यटक उसका पूरा आनन्द लें, उसी अनुरुप अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए हर कार्यक्रम को यादगार बनायें। जिला कलक्टर ने पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे मरु महोत्सव के कार्यक्रमों को अंतिम रुप देकर उसका अभी से ही हर स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करवाना सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक पर्यटक महोत्सव को देखने आए। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय ख्यातनाम लोक कलाकारों की प्रस्तुती करावें ताकि यहां की लोक संगीत व लोक संस्कृति को ओर अधिक बढ़ावा मिलें। बैठक में सहायक पर्यटन अधिकारी खेमेन्द्र सिंह जाम ने मरु महोत्सव के तहत 30 जनवरी से 01 फरवरी तक आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में होटल एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े विक्रम सिंह नाचना, कैलाश व्यास ने मरु महोत्सव के कार्यक्रमों को ओर अघिक रौचक बनाने के सम्बन्ध में अपनी ओर से सारगर्भित सुझाव भी दिए। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी, उपखण्ड अधिकारी पोकरण हीरसिंह चारण के साथ ही मेला व्यवस्थाओं से जुड़े विभागीय अधिकारी, पर्यटन एवं होटल व्यवसाय से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित थे।