जालनेवा हमला कर लूट का आरोपी गिरफ्तार
सीकर. सीकर की दादिया थाना पुलिस ने जानलेवा हमला कर लूट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 9 महीने से फरार था। आज पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। लेकिन पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही आरोपी घर से भागने लगा। ऐसे में पुलिस ने करीब 1 किलोमीटर पीछा कर उसे पकड़ा। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए घर से आधा किलो मीटर दूर के एरिया में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए हुए थे।
दादिया थाना अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि 24 जून 2022 को पिपराली के रहने वाले मुकेश बगड़िया ने मामला दर्ज करवाया कि वह 23 जून को दोपहर के समय अपने तीन दोस्तों के साथ बुआ के घर रुपए देने गया हुआ था। जब लौट रहा था तो एक कैंपर गाड़ी और पिकअप ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जैसे ही दौलतपुरा स्टैंड पहुंचे तो वहां दोनों गाड़ियों ने मुकेश की गाड़ी को दोनों साइड से टक्कर मारी जिससे कि मुकेश की कार 3-4 बार पलटी। पीछा करने वाली दोनों गाड़ियों में से सुनील उर्फ पांड्या, संदीप और करीब आधा दर्जन बदमाश निकले। जिन्होंने मुकेश और उसके दोस्तों के साथ लोहे के सरिए और रॉड से मारपीट की। और करीब 8 हजार रुपए छीन लिए। बदमाशों ने मुकेश और उसके साथियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले में जांच शुरू की। जिसके बाद आज मामले में फरार चल रहे संदीप पिलानिया (30) निवासी अजीतपुरा को उसके गांव से पकड़ा है। दादिया थाना अधिकारी पवन कुमार के मुताबिक आरोपी संदीप एसपी ग्रुप का मुख्य सरगना है। जो अपने साथियों के साथ मिलकर लूट और डकैती की वारदात करता है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। आरोपी फरारी के दौरान कभी - कभी अपने घर पर आता था। आरोपी संदीप ने अपने घर के आस-पास करीब आधा किलोमीटर के एरिया में सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे। जिससे उसे पता रहता कि उसके घर की तरफ कौन सी गाड़ी आ रही है। जब भी कोई पुलिस की गाड़ी वहां आती तो आरोपी घर के पीछे बने खेतों के रास्ते से फरार हो जाता। आज जब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने गई तो आरोपी पुलिस की गाड़ी देख वहां से पीछे के रास्ते भागने लगा। ऐसे में टीम ने करीब 1 किलोमीटर पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी में कांस्टेबल नरेंद्र की अहम भूमिका रही।