उदयपुर में हाईकोर्ट ब्रांच के खिलाफ जोधपुर जयपुर के वकील लामबंद
जोधपुर। केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजीजू द्वारा उदयपुर में हाईकोर्ट की वर्चुअल बैंच स्थापित करने के लिए राज्य सरकार से प्रस्ताव बना कर भेजने के बयान के खिलाफ जोधपुर और जयपुर के वकीलों ने मोर्चा खोल लिया यद्यपि वे प्रदेश भर में चल रही वकीलों की हड़ताल के कारण इस मुद्दे को फिलहाल गुपचुप में रखना चाहते हैं ताकि वकीलों के आंदोलन में फूट ना पड़े। वरिष्ठ अभिभाषको ने बताया कि जोधपुर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन और जिला बार एसोसिएशन पहले ही से हाईकोर्ट की नई ब्रांच खोलने के खिलाफ है और पिछले कई वर्षों से माह के अंतिम कार्य दिवस पर कार्य स्थगित रख विरोध जताया जाता है इसलिए सबकुछ जानबूझकर कानून मंत्री ने वकीलों में फूट डालने का काम किया है।
उनका मानना है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन देकर जोधपुर के अभिभाषक हाई कोर्ट की नई बेंच का विरोध करेंगे तथा उदयपुर में वर्चुअल बैंच बनाने के कानून मंत्री की अपील के अनुसार प्रस्ताव नहीं भेजने का आग्रह करेंगे।
उधर जयपुर में भी अभीभाषको ने केंद्रीय कानून मंत्री के बयान की कड़ी आलोचना की है और राज्य सरकार से हाई कोर्ट बार एसोसिएशन और जिला बार एसोसिएशन जल्दी ही ज्ञापन देकर उदयपुर में वर्चुअल हाई कोर्ट ब्रांच का कोई भी प्रस्ताव नहीं भेजने का आग्रह करेगी। राज्य सरकार इस मामले में दुविधा में पड़ गई है क्योंकि केंद्रीय कानून मंत्री ने उदयपुर में वर्चुअल हाई कोर्ट ब्रांच की आवश्यकता प्रतिपादित करते हुए कह दिया है कि यह आदिवासी क्षेत्र है और यहां के बाशिंदों को जोधपुर और जयपुर जाने में बहुत परेशानी होती है ऐसे में राज्य सरकार यदि प्रस्ताव आगे नहीं भेजती है तो इस इलाके में कांग्रेस के खिलाफ वातावरण बन सकता है