Dark Mode
संजय कपूर को याद कर भावुक हुईं करिश्मा, शेयर किया दिल छू लेने वाला संदेश

संजय कपूर को याद कर भावुक हुईं करिश्मा, शेयर किया दिल छू लेने वाला संदेश

मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने अपने पूर्व पति संजय कपूर की पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। शुक्रवार को इस भावुक घड़ी में अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर लिखा, "संजय आप हमारे दिल में हमेशा रहोगे।" बता दें कि करिश्मा कपूर के पूर्व पति और उद्योगपति संजय कपूर का 53 वर्ष की आयु में 12 जून 2025 को निधन हो गया था।
संजय कपूर और करिश्मा कपूर की शादी 2003 में हुई थी और उनके दो बच्चे (समायरा और कियान) हैं। साल 2016 में दोनों का तलाक हो गया था। तलाक के बाद संजय कपूर ने 2017 में मॉडल प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की थी। हालांकि, करिश्मा कपूर ने दोबारा शादी नहीं की और वह सिंगल रहकर अपने दोनों बच्चों की परवरिश पर ध्यान दे रही हैं।
अभिनेत्री करिश्मा कपूर की बात करें, तो उन्होंने लंबे अंतराल के बाद क्राइम-थ्रिलर सीरीज 'ब्राउन' से मुख्य भूमिका में वापसी की है। यह साइकोलॉजिकल थ्रिलर सीरीज 5 जून को विशेष रूप से जी5 पर रिलीज की गई है। सीरीज में करिश्मा कपूर ने 'रीटा ब्राउन' नाम की एक एंग्लो-इंडियन पुलिस डिटेक्टिव की भूमिका निभाई है। रीटा का किरदार काफी जटिल है, जो शराब की लत, अपने अतीत के ट्रॉमा और बदनामी से जूझ रही है। इस सीरीज में कुल 7 एपिसोड्स हैं, और प्रत्येक एपिसोड लगभग 40 से 45 मिनट का है।
इसका निर्देशन अभिनय देव ने किया है और यह अमीत बरुआ के 2016 के उपन्यास 'सिटी ऑफ डेथ' पर आधारित है। इस सीरीज में सूर्या शर्मा (इंस्पेक्टर अर्जुन सिन्हा), सोनी राजदान, जिशू सेनगुप्ता, और अजिंक्य देव (धीरज जायसवाल के रूप में) भी अहम किरदारों में हैं।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!