खींवसर : ग्राम पंचायत कांटिया में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित
खींवसर। सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम पंचायत कांटिया के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र पर ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक रेवंत राम डांगा व उपखण्ड अधिकारी सुनील पंवार ने किया। शिविर में ग्रामवासियों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कांटिया निवासी भेराराम पुत्र हरलाल ने बताया कि उनकी पेंशन पिछले दो वर्षों से बंद थी, जिसे ग्राम विकास अधिकारी भंवरराम के प्रयास से सत्यापित कर अब पुनः चालू कर दी गई। वहीं, मोड़ी देवी, जो बीपी रोगी हैं, को मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी श्रीफल मीणा द्वारा पोषण किट प्रदान की गई। वित्तीय समावेशन के तहत यूको बैंक मैनेजर नैहा ने शिविर में प्रधानमंत्री जन धन योजना के 20 खाते खोले, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के 4, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के 42, अटल पेंशन योजना के 2 तथा आरकेवाईसी के 72 आवेदनों का निस्तारण किया। लाभ प्राप्त करने के बाद भेराराम व मोड़ी देवी ने सरकार एवं शिविर अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, आज हमारा काम हुआ, हम बहुत खुश हैं।”